चलते-चलते-- धूम्रपान ना करने वालों में बढ़ा फेफड़ों का कैंसर
अमेरिकी शोध में दावा- महिलाओं में कैंसर की दर पुरुषों से ज्यादा वॉशिंगटन, एजेंसी।

अमेरिकी शोध में दावा- महिलाओं में कैंसर की दर पुरुषों से ज्यादा वॉशिंगटन, एजेंसी। पोल लियो की सर्जरी होने के बाद फेफड़ों का कैंसर फिर चर्चा में आ गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, पोप धूम्रपान नहीं करते। ऐसे में सवाल है कि क्या धूम्रपान न करने वाल लोग भी तेजी से इस बीमारी का शिकार बन रहे हैं? विशेषज्ञों का कहना है कि पिछले 15 वर्षों में महिलाओं, युवाओं और उन लोगों में भी फेफड़ों के कैंसर के मामले बढ़े हैं, जिन्होंने कभी धूम्रपान नहीं किया।
महिलाओं में बढ़ती कैंसर दर
अमेरिकन लंग एसोसिएशन के अनुसार, पिछले 44 वर्षों में महिलाओं में फेफड़ों के कैंसर की दर 79 फीसदी बढ़ी है, जबकि पुरुषों में यह 43 फीसदी घटी है। पहली बार कम उम्र की महिलाओं में इस कैंसर के मामले पुरुषों से अधिक दर्ज किए जा रहे हैं। फेफड़ों का कैंसर महिलाओं में कैंसर से होने वाली मौतों का प्रमुख कारण भी है। हर साल इससे जान गंवाने वाली महिलाओं की संख्या अन्य कैंसर से मरने वाली महिलाओं की कुल संख्या से भी अधिक होती है।
धूम्रपान के अलावा भी जोखिम
धूम्रपान ही एकमात्र कारण नहीं
विशेषज्ञों के मुताबिक, धूम्रपान फेफड़ों के कैंसर का एक बड़ा कारण जरूर है, लेकिन यही इसका एकमात्र कारण नहीं है। वायु प्रदूषण, धूम्रपान करने वाले दूसरे लोगों के धुएं के संपर्क में आना, कुछ खतरनाक रसायनों के संपर्क में रहना और आनुवंशिक कारण भी इसका खतरा बढ़ा सकते हैं। इसलिए यह मानना सही नहीं है कि जो व्यक्ति कभी धूम्रपान नहीं करता उसे फेफड़ों का कैंसर हो ही नहीं सकता।
महिलाओं में तेजी से बढ़ रहे मामले
कुछ अध्ययनों में संकेत मिला है कि सिगरेट के धुएं में मौजूद कैंसर पैदा करने वाले तत्वों के प्रति महिलाएं अधिक संवेदनशील हो सकती हैं। कुछ महिलाओं में पुरुषों की तुलना में कम समय तक धूम्रपान करने के बाद भी कैंसर विकसित हो सकता है। अनुमान है कि इस बीमारी से पीड़ित करीब 20 प्रतिशत महिलाओं ने कभी धूम्रपान नहीं किया है।
जांच और लक्षणों पर ध्यान दें
समय पर जांच हैं जरूरी
फेफड़ों के कैंसर का शुरुआती चरण में पता चल जाए तो इसका इलाज अधिक प्रभावी हो सकता है। अगर यह शुरुआती अवस्था में सीमित हो तो सर्जरी से उसे हटाया जा सकता है। पोप लियो के मामले में ऐसा ही हुआ है। अमेरिका में 2021 में फेफड़ों के कैंसर की जांच से जुड़े दिशानिर्देशों में बदलाव किया गया था। अब 50 से 80 वर्ष की उम्र के उन लोगों के लिए सीटी स्कैन जांच की सिफारिश की जाती है, जिन्होंने कम से कम 20 वर्षों तक रोजाना एक पैकेट सिगरेट पी हो और जो अभी धूम्रपान करते हैं या पिछले 15 वर्षों के भीतर इसे छोड़ चुके हैं।
लक्षणों को नजरअंदाज न करें
लगातार खांसी, सांस लेने में परेशानी, बहुत ज्यादा थकान और पीठ, छाती या कंधे में दर्द इस बीमारी के संभावित लक्षण हो सकते हैं। इन्हें सामान्य खांसी, थकान या मांसपेशियों के दर्द जैसी समस्याएं समझकर नजरअंदाज करना जोखिम भरा हो सकता है।
भारत में फेफड़ों के कैंसर के मामले
भारत में तेजी से फैल रही बीमारी
नेशनल कैंसर रजिस्ट्री प्रोग्राम के अनुसार, 2025 में भारत में फेफड़ों के कैंसर के लगभग 111,000 नए मामले सामने आए। लगभग 50 फीसदी तक मामले ऐसे लोगों में देखे जाते हैं जिन्होंने कभी धूम्रपान नहीं किया। भारत फेफड़ों के कैंसर के मामलों में दुनिया में चौथे स्थान पर है। साल 2024 में 98,687 लोगों ने इससे अपनी जान गंवाई।

