बारिश-उमस में मवेशियों पर लंपी का साया, पशुपालकों को सतर्क रहने की एडवाइजरी
मच्छर-मक्खी और किलनी से फैलता है संक्रमण, शरीर पर उभरती हैं सख्त गांठें, समय पर पहचान और बचाव बेहद जरूरी* मच्छर-मक्खी और किलनी से फैलता है संक्रमण, शर

बांका, नगर प्रतिनिधि। जिले में बारिश के साथ बढ़ी उमस ने जहां इंसानों की परेशानी बढ़ा दी है, वहीं मवेशियों के लिए भी यह मौसम चुनौती सा बन गया है। जहां बरसात और नमी के बीच मवेशियों में लंपी त्वचा रोग (एलएसडी) का खतरा बढ़ने की आशंका बनी रहती है। यह संक्रामक बीमारी मच्छर, मक्खी और किलनी जैसे खून चूसने वाले कीटों के माध्यम से एक पशु से दूसरे पशु तक आसानी से पहुंच सकती है। ऐसे में पशुपालकों को अपने मवेशियों की नियमित निगरानी करने और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
लंपी त्वचा रोग के लक्षण
कृषि विज्ञान केंद्र के पशु विज्ञान वैज्ञानिक डॉ. संजीत कुमार ने बताया कि, लंपी रोग मुख्य रूप से मवेशियों को प्रभावित करता है। जहां मवेशियों में इस ख़तरनाक बीमारी की शुरुआत तेज बुखार से हो सकती है। इसके बाद पशु के शरीर, गर्दन और पैरों पर दो से पांच सेंटीमीटर तक की सख्त और गोल गांठें उभरने लगती हैं। जिससे संक्रमित पशु की दूध उत्पादन क्षमता घट सकती है। जबकि भूख कम होने के साथ पैरों में सूजन आ सकती है, जिससे पशु को चलने में भी कठिनाई होती है। बीमारी के लक्षण दिखते ही संक्रमित पशु को स्वस्थ मवेशियों से अलग रखना चाहिए।
साफ-सफाई और नियंत्रण के उपाय
साथ ही पशुशाला की नियमित सफाई के साथ मच्छर, मक्खी और किलनी पर नियंत्रण के लिए कीटनाशक दवाओं का छिड़काव करना जरूरी है। वहीं पशुओं के रहने की जगह सूखी और साफ रखने की सलाह दी गई है। कृषि विज्ञान केंद्र बांका के पशु विज्ञान वैज्ञानिक डॉ. संजीत कुमार ने आगे बताया पशुशाला के फर्श और आसपास के स्थान को एक प्रतिशत सोडियम हाइपोक्लोराइट या चूने के पानी से सैनिटाइज किया जा सकता है। इसके साथ ही पशुपालकों को समय पर मवेशियों का टीकाकरण कराने की सलाह दी गई है। वहीं बीमारी के दौरान पशुओं की आवाजाही और पशु मेलों में ले जाने से बचना चाहिए।
संक्रमित पशुओं के शव का प्रबंधन
किसी संक्रमित पशु की मौत होने पर शव को खुले में नहीं छोड़ना चाहिए। ऐसी स्थिति में मृत पशु को आबादी से दूर गहरे गड्ढे में नमक और चूना डालकर दफनाना चाहिए। वहीं लक्षण दिखने पर घरेलू उपचार के बजाय पशुपालकों को घरेलू उपाय के बजाय तुरंत नजदीकी सरकारी पशु अस्पताल में संपर्क करना सार्थक साबित हो सकता है।

