स्कूल वैन चालक ने 4 साल की नर्सरी छात्रा से किया दुष्कर्म, तबीयत बिगड़ने पर मां को लगी भनक, आरोपी गिरफ्तार
लखनऊ में स्कूल वैन चालक ने चार वर्षीय नर्सरी की छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। मां की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
सुनील तिवारी, लखनऊ, संवाददाता। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के तालकटोरा इलाके में स्कूल वैन चालक ने चार वर्षीय नर्सरी की छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। बच्ची की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई। मां की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। बच्ची का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पीड़िता की मां के मुताबिक, उनकी चार वर्षीय बेटी राजाजीपुरम के एक निजी स्कूल में नर्सरी की छात्रा है। पति-पत्नी दोनों निजी कंपनी में कार्यरत हैं, इसलिए बच्ची को स्कूल लाने-ले जाने के लिए उन्होंने वैन लगवा रखी थी। वैन मूलरूप से उन्नाव निवासी गिरीश मिश्रा चलाता था。
मां की पहचान और गिरफ्तारी
मां ने बताया कि शुक्रवार को बेटी स्कूल से घर लौटी तो काफी डरी-सहमी नजर आ रही थी और उसकी तबीयत भी ठीक नहीं थी, लेकिन उस वक्त इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया गया। शनिवार को बच्ची की हालत और बिगड़ गई। पेट दर्द और बुखार की शिकायत पर परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों की जांच में सामने आया कि बच्ची के साथ दुष्कर्म हुआ है। यह जानकर परिजनों के होश उड़ गए।
आरोपी के सामने पीड़िता का बर्ताव
आरोपी को देखकर बिलख पड़ी मासूम। मां ने बताया कि जब उन्होंने बच्ची से पूछा तो वह डर के मारे कुछ बोल नहीं पाई। इसके बाद उन्होंने तालकटोरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी वैन चालक गिरीश मिश्रा को गिरफ्तार कर लिया। जब बच्ची को थाने में आरोपी के सामने लाया गया, तो उसे देखते ही वह बिलख पड़ी। बच्ची ने रोते हुए मां को बताया कि आरोपी गिरीश कई दिनों से उसके साथ गलत काम कर रहा था। यह सुनकर मां स्तब्ध रह गई। इंस्पेक्टर तालकटोरा के मुताबिक, पीड़िता की मां की तहरीर पर पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म से संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोपी गिरीश मिश्रा को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस स्कूल वैन के अन्य बच्चों और स्टाफ से भी पूछताछ कर रही है, साथ ही मामले की गहनता से जांच जारी है।


