लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में बड़ा फेरबदल, 52 पुलिसकर्मियों के तबादले के आदेश जारी
लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट ने 52 पुलिसकर्मियों का स्थानांतरण किया है, जिसमें उपनिरीक्षक से लेकर आरक्षियों तक के कर्मचारी शामिल हैं। यह स्थानांतरण विभिन्न थानों और शाखाओं में किया गया है, जिसका उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है। सभी पुलिसकर्मियों को नए तैनाती स्थलों पर तुरंत कार्यभार ग्रहण करने का निर्देश दिया गया है।
लखनऊ,संवाददाता। लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 52 पुलिसकर्मियों के स्थानांतरण के आदेश जारी किए हैं। जारी स्थानांतरण सूची में उपनिरीक्षक (एसआई), मुख्य आरक्षी (हेड कांस्टेबल) और आरक्षियों को विभिन्न थानों, रिजर्व पुलिस लाइन तथा अन्य शाखाओं में नई तैनाती दी गई है। आदेश के अनुसार, पुलिसकर्मियों का स्थानांतरण मोहनलालगंज, आलमबाग, काकोरी, पीजीआई, बीकेटी, बंथरा, गोमतीनगर, चिनहट, हसनगंज और बक्शी का तालाब सहित विभिन्न थानों एवं इकाइयों में किया गया है। वहीं कुछ पुलिसकर्मियों को साइबर सेल, महिला सुरक्षा प्रकोष्ठ, रिजर्व पुलिस लाइन और डीसीपी कार्यालय (पूर्वी एवं उत्तरी जोन) समेत अन्य शाखाओं में तैनाती दी गई है।आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह स्थानांतरण स्थानांतरण बोर्ड की बैठक में लिए गए निर्णय के आधार पर किए गए हैं।
बोर्ड ने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों के कार्यों की समीक्षा के बाद यह प्रशासनिक निर्णय लिया है। पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार, ये तबादले नियमित प्रक्रिया का हिस्सा हैं, जिनका उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना, कार्यकुशलता बढ़ाना और विभिन्न थानों व इकाइयों में पुलिस बल का संतुलित वितरण सुनिश्चित करना है। स्थानांतरित सभी पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे तत्काल प्रभाव से अपने नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करें।


