संशोधित: इलेक्ट्रिक वाहनों, कचरा प्रबंधन और बढ़ी हरियाली से सिरमौर बना लखनऊ

हिन्दुस्तान, लखनऊ
share

कचरा प्रबंधन, हरियाली बढ़ाने, सड़कों के डामरीकरण और इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रोत्साहन देने के क्षेत्र में किए गए प्रयासों की बदौलत लखनऊ की हवा देश में सबसे साफ दर्ज की गई है। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में लखनऊ ने पहला स्थान हासिल किया। नगर निगम को पुरस्कार भी मिला है।

संशोधित:  इलेक्ट्रिक वाहनों, कचरा प्रबंधन और बढ़ी हरियाली से सिरमौर बना लखनऊ

कचरा प्रबंधन, हरियाली बढ़ाने, सड़कों के डामरीकरण और इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रोत्साहन देने के क्षेत्र में हुए अभूतपूर्व कार्यों की बदौलत लखनऊ की हवा देश में सबसे साफ दर्ज की गई है। इन्हीं ठोस प्रयासों के आधार पर स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में लखनऊ ने देश भर में पहला स्थान हासिल किया। प्रथम स्थान पाकर नगर निगम ने लखनऊ का राष्ट्रीय स्तर पर मान बढ़ाया है। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की ओर से नई दिल्ली में सोमवार को आयोजित स्वच्छ वायु दिवस कार्यक्रम में महापौर सुषमा खर्कवाल व नगर आयुक्त गौरव कुमार ने यह राष्ट्रीय पुरस्कार ग्रहण किया। इस मौके पर अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव तथा पर्यावरण अभियंता संजीव प्रधान भी उपस्थित थे। इसके साथ ही नगर निगम के जोन-4 स्थित वार्ड संख्या-70 (पेपर मिल) को 30 हजार से अधिक आबादी वाले वार्डों की श्रेणी में देश का सर्वश्रेष्ठ वार्ड चुना गया। शहर के प्रथम स्थान पर आने के लिए 1.50 करोड़ रुपये और वार्ड के प्रथम स्थान आने पर 50 लाख रुपये का पुरस्कार भी मिला।

इन पांच कारणों ने दिलाई सफलता

1100 से अधिक इलेक्ट्रिक गाड़ियों ने निभाई बड़ी भूमिका

नगर निगम ने पिछले वर्षों में वायु प्रदूषण कम करने के लिए कई स्तरों पर काम किया। डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण के लिए करीब 1100 इलेक्ट्रिक वाहनों को सड़क पर उतारा गया। इनके संचालन की निगरानी जीपीएस आधारित कंट्रोल कमांड सेंटर से की जा रही है। शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग ढांचे का भी विस्तार किया गया। करीब 150 इलेक्ट्रिक रोड स्वीपिंग मशीनों से सड़कों की सफाई हो रही है। जिससे धूल उठना बंद हुई।

559 किलोमीटर बनाई सड़कें व फुटपाथ, धूल हुई कम

नगर निगम ने वायु गुणवत्ता सुधार के लिए सड़कों के सुधार की दिशा में भी बेहतरीन काम किया। नगर निगम के मुख्य अभियन्ता महेश वर्मा ने बताया कि 559.85 किलोमीटर सड़कों को पूरी तरह पक्का कर धूल प्रदूषण को कम किया गया। फुटपाथ जहां कच्चे थे वहां इंटरलाकिंग टाइल्स लगाई गई। इससे शहर के तमाम इलाकों में हवा में उड़ने वाले धूल के कण कम हुए। मशीनों से लगातार पानी का छिड़काव किया गया।

आधुनिक कचरा प्रबंधन बना सफलता की बड़ी वजह

शहर में प्रतिदिन निकलने वाले कचरे के शत-प्रतिशत वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था ने लखनऊ को नम्बर एक बनाने में सबसे बड़ी भूमिका निभाई। नगर निगम के अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविन्द राव कहते हैं कि राजधानी में लगभग 1800 टन कचरे का रोजाना वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण हो रहा है। ताजा कचरे की डंपिंग बंद कर दी गई है। निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट के निस्तारण के लिए अलग व्यवस्था और 300 टीपीडी क्षमता का संयंत्र भी लगाया गया। इससे प्रदूषण नियंत्रण में उल्लेखनीय मदद मिली।

हरियाली और स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा

शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने, मियावाकी व वर्टिकल गार्डन विकसित कर भी नगर निगम ने वायु गुणवत्ता प्रतियोगिता में नम्बर बढ़ाया। नगर निगम ने शहर में सात नए मियावाकी वन का विकास कराया। इसमें तीन लाख पौधे लगवाए। जगह जगह वर्टिकल गार्डेन का विकास कराया। सड़कों के किनारे हरियाली बढ़ाई। नदी के किनारों पर भी बड़े पैमाने पर पौधरोपण हुआ। इलेक्ट्रिक बसों का संचालन बढ़ाने और यातायात सुधार के लिए भी व्यापक काम किया गया। वर्तमान में शहर में 140 इलेक्ट्रिक बसें संचालित हो रही हैं। इसके साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक पर कार्रवाई, नालों की सफाई और नदियों में कचरा जाने से रोकने जैसे कदम भी उठाए गए।

कूड़े के लिए बनाए गए ट्रांसफर स्टेशनों ने भी निभाई भूमिका

नगर निगम ने खुले में पड़ने वाले कचरे के लिए 52 काम्पैक्टर स्टेशन बनवाए। इससे कचरे को प्रोसेसिंग प्लान में ले जाने वाली गाड़ियों की संख्या में कमी आयी। इसकी वजह से कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों की दैनिक संख्या 240 से कम होकर 150 हो गयी। इससे वाहनों की आवाजाही कम हुई। ईधन की खपत और वाहन प्रदूषण कम हुआ। इससे भी वायु प्रदूषण कम करने में मदद मिली।

अगस्त में हुआ आख़िरी भौतिक सर्वे

केंद्र की टीम ने नगर निगम के आंकड़ो की पड़ताल की। तीन महीने से प्रतियोगिता चल रही थी। केंद्र की टीम ने फाइनल राउंड में 19 से 21 अगस्त 2026 के बीच लखनऊ शहर में हुए इससे जुड़े कामों का सर्वे किया। जबकि वार्ड के लिए 28 अगस्त को पेपर मिल कॉलोनी वार्ड का सर्वे किया। एक एक चीजें जाकर देखी।

लखनऊ शहर को 200 में से 198 नंबर मिले

स्वच्छ वायु गुणवत्ता प्रतियोगिता 200 नंबरों में हुई। इस प्रतियोगिता में 10 लाख से अधिक की आवादी वाले कुल 130 शहर शामिल हुए जिसमें से लखनऊ देश में नंबर एक पर आया है। इसे 200 में से 198 नंबर मिले हैं। 195 नंबर के साथ इंदौर दूसरे स्थान पर है। जबकि जबलपुर तीसरे स्थान पर आया है।

मॉडल वार्ड की सूची में शामिल पेपर मिल कॉलोनी वार्ड को मिला देश में पहला स्थान

200 में से 200 नंबर मिले

राजधानी का पेपर मिल कॉलोनी वार्ड देश में पहले स्थान पर आया है। यहां की वायु गुणवत्ता देश में सबसे अच्छी मिली है। इस वार्ड को नगर निगम ने करीब दो वर्ष पहले माडल वार्ड में शामिल किया था। इसके लिए इस वार्ड में भी कूड़ा प्रबंधन, सड़कों के डामरीकरण तथा हरियाली बढ़ाने पर काम हुआ। केन्द्र सरकार ने पहली बार वार्ड स्तर की प्रतियोगिता शुरू की। इसमें पहली बार में ही लखनऊ ने बाजी मार ली है। पेपर मिल कॉलोनी वार्ड को 200 में से पूरे 200 नंबर मिले हैं।

----------------------------

राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान मिलना पूरे शहर के लिए गर्व की बात है। इस सफलता का श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व, नगर विकास मंत्री के मार्गदर्शन, नगर निगम की टीम की मेहनत और शहरवासियों के सहयोग को जाता है। कर्मचारियों अधिकारियों की मेहनत भी इसमें शामिल रही है।

सुषमा खर्कवाल, महापौर, लखनऊ

--------------

बहुत खुशी का मौका है। शहर की वायु गुणवत्ता सुधार के लिए काफी काम किया गया। जिसका नतीजा सामने आया है। सभी के सहयोग व संयुक्त प्रयास व मेहनत से लखनऊ अका कामयाबी दिलाई। इसके लिए सभी को बधाई। आगे और अच्छा काम किया जाएगा।

गौरव कुमार, नगर आयुक्त

--------------

राजधीन में सात नए मियावाकी फारेस्ट विकसित किए गए। तीन लाख से ज्यादा पौधे लगाए गए। कूड़ा निस्तारण के लिए आधुनिक प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित हुआ। 100 प्रतिशत कचरे का वैज्ञानिक निस्तारण हो रहा है। रोजाना लगभग 1800 फ्रेस कचरे का निस्तारण किया जा रहा है।

डा. अरविन्द कुमार राव, अपर नगर आयुक्त

---------------------------------

लखनऊ में वायु गुणवत्ता(एक्यूआई) की स्थिति पिछले पांच वर्षों की, अधिकतम व औसत

वर्ष एक्यूआई अधिकतम एक्यूआई औसत

2021 नवम्बर 392 154

2022 नवम्बर 380 140

2023 नवम्बर 320 से 350 130

2024 नवम्बर दिसम्बर 340 से 365 124

2025 में दिवाली पर 425 147

-------------------------------------------

एक्यूआई कितने अंक पर कितना अच्छा व खराब

0 से 50 एक्यूआई बहुत अच्छा

51 से 100 एक्यूआई संतोषजनक

101 से 200 तक मध्यम

201 से 300 तक खराब

301 से 400 बहुत खराब

401 से ऊपर गंभीर

सामान्य प्रश्न

✦लखनऊ ने स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में कौन सा स्थान हासिल किया?−
लखनऊ ने स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2026 में देश भर में पहला स्थान हासिल किया।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsसंशोधित: इलेक्ट्रिक वाहनों, कचरा प्रबंधन और बढ़ी हरियाली से सिरमौर बना लखनऊ