15 साल बाद परिजनों से मिली मालती, छलक पड़े खुशी के आंसू
मालती देवी, जो लगभग 15 वर्ष बाद अपने परिवार से मिलीं, की पहचान मुंबई स्थित श्रद्धा फाउंडेशन की मदद से हुई। मानसिक स्वास्थ्य कारणों से घर छोड़ने के बाद, मालती को भाटपाररानी रेलवे स्टेशन पर उनके परिजनों से मिलवाया गया। परिवार के सदस्य खुशी से उनकी वापसी का जश्न मनाते हैं।
भाटपाररानी(देवरिया), हिन्दुस्तान टीम। बनकटा थाना क्षेत्र के रुस्तम बहियारी गांव की रहने वाली मालती देवी करीब 15 साल बाद बुधवार की रात अपने परिजनों से मिलीं। लंबे समय बाद परिवार के बीच पहुंचीं मालती को देखकर परिजनों की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। मुंबई की एक संस्था की पहल पर उनकी पहचान होने के बाद सोशल वर्कर उन्हें लेकर भाटपाररानी रेलवे स्टेशन पहुंचीं, जहां परिजनों ने पहचान की पुष्टि करने के बाद उन्हें अपने साथ घर ले गए। रुस्तम बहियारी निवासी श्यामदेव यादव के इकलौते पुत्र छोटे लाल यादव की पत्नी मालती देवी करीब 15 साल पहले मानसिक स्थिति खराब होने के कारण अपने छोटे बेटे को गोद में लेकर घर से चली गई थीं।
उनके पीछे तीन बेटियां और एक बेटा घर पर ही रह गए थे। काफी दिनों तक परिजनों ने उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर उन्होंने उम्मीद छोड़ दी थी। कुछ दिन पहले मुंबई की श्रद्धा फाउंडेशन से परिजनों के पास फोन आया और मालती की तस्वीर भेजी गई। तस्वीर देखकर परिजनों ने उनकी पहचान की। संस्था की सोशल वर्कर कविता तिंदूर बुधवार की रात मालती देवी को लेकर भाटपाररानी रेलवे स्टेशन पहुंचीं। कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। सोशल वर्कर कविता तिंदूर ने बताया कि उनकी संस्था सड़क पर घूमने वाले मानसिक रूप से बीमार लोगों को आश्रय देकर उनका इलाज कराती है। स्वस्थ होने के बाद जब कोई व्यक्ति अपने घर-पते के बारे में जानकारी देने लगता है तो संस्था उसके परिजनों को तलाशकर उसे घर पहुंचाती है। उन्होंने बताया कि मालती के बारे में करीब एक साल पहले नेपाल से जानकारी मिली थी। करीब दो माह पहले वह संस्था को मिलीं। इलाज और दवा के बाद उनकी स्थिति में सुधार हुआ और उन्होंने अपने गांव व परिवार के बारे में जानकारी दी। इसके बाद स्थानीय पुलिस के माध्यम से ग्राम प्रधान और फिर परिजनों से संपर्क किया गया। भाटपाररानी रेलवे स्टेशन पर पहुंचे मालती के ससुर श्यामदेव यादव, बड़ी बेटी मनीषा समेत अन्य परिजनों ने करीब एक घंटे तक बातचीत कर उनकी पहचान की। शरीर पर बने गोदना समेत अन्य पहचान चिह्नों के आधार पर परिजनों ने मालती की पहचान की पुष्टि की। श्यामदेव यादव ने बताया कि मालती पांच बच्चों की मां हैं। वह जिस छोटे बेटे को गोद में लेकर घर से निकली थीं, उसका अब तक पता नहीं चल सका है। घर पर रह गई तीन बेटियों और एक बेटे में से बेटे की भी कुछ माह पहले मौत हो चुकी है। मालती के पति छोटे लाल यादव दुबई में रहकर कमाते हैं। परिजनों ने वीडियो कॉल के जरिए उन्हें भी मालती की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन पति ने फिलहाल उन्हें पहचानने से इनकार कर दिया।


