Congress 2nd List: छिंदवाड़ा से नकुलनाथ तो जालौर से वैभव गहलोत, लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की दूसरी लिस्ट जारी

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में कुल 43 नाम हैं। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहाकि पहली लिस्ट का ऐलान कर चुके हैं। अब दूसरी लिस्ट है।

Congress 2nd List: छिंदवाड़ा से नकुलनाथ तो जालौर से वैभव गहलोत, लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की दूसरी लिस्ट जारी

Congress 2nd List: कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में कुल 43 नाम हैं। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहाकि पहली लिस्ट का ऐलान हम कर चुके हैं। अब हम दूसरी लिस्ट जारी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति की कल बैठक के बाद यह लिस्ट तय की गई है। इसमें असम, मध्य प्रदेश और राजस्थान से चुनाव मैदान में उतर रहे उम्मीदवारों के नाम हैं।

दूसरी लिस्ट में गौरव गोगोई असम के जोरहाट से उम्मीदवार होंगे। वहीं, मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा से नकुलनाथ को टिकट मिला है। लोकसभा चुनाव के लिए राजस्थान के चुरू से राहुल कस्वां, जालोर से वैभव गहलोत उम्मीदवार घोषित हुए हैं। बता दें कि राहुल कस्वां का टिकट भाजपा ने काट दिया था। इसके बाद उन्होंने बगावत कर दी थी। बाद में वह कांग्रेस में शामिल हो गए थे।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि इस सूची में 43 उम्मीदवारों में से 10 जनरल उम्मीदवार, 13 ओबीसी उम्मीदवार, 10 एससी उम्मीदवार, 9 एसटी उम्मीदवार और 1 मुस्लिम उम्मीदवार है। कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश के लिए सोमवार को 60 से अधिक उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की थी जिनमें करीब 43 पर मुहर लगाई थी।

कांग्रेस ने गत शुक्रवार को 39 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी जिसमें सबसे प्रमुख नाम पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का था। उन्हें एक बार फिर से केरल की वायनाड सीट से प्रत्याशी बनाया गया है। कांग्रेस उम्मीदवारों की पहली सूची में 15 उम्मीदवार सामान्य वर्ग और 24 अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अल्पसंख्यक समुदायों के थे।

इस खबर पर आपकी क्या राय है?

Deepak Mishra

लेखक के बारे में

Deepak Mishra

मूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।

आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।

यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।

जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।

अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।

और पढ़ें