प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कांग्रेस पर अपने घोषणापत्र में राजद्रोह कानून को खत्म करने और कश्मीर में सुरक्षा बलों को कम करने जैसे वादे को लेकर निशाना साधा है। मोदी ने कहा कि विपक्षी पार्टी पाकिस्तान की मांगों को पूरा करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान का एकमात्र व्यापार आतंक का निर्यात करना है। मोदी ने यहां एक रैली में कहा कि क्या जो लोग देश को टुकडे़-टुकडे़ करना चाहते हैं, वे देशद्रोही नहीं हैं?... कांग्रेस अब कह रही है कि वह देशद्रोह कानून को समाप्त कर देगी। क्या हम 125 साल पुरानी पार्टी से इसकी उम्मीद कर सकते हैं?
भाजपा ने 2016 में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में भारत विरोधी नारे लगाने के आरोपी छात्रों को संदर्भित करने के लिए ''टुकडे़-टुकडे़ गैंग वाक्यांश का उपयोग करना शुरू किया और नक्सलियों और अलगाववादियों के साथ सहानुभूति रखने वालों पर हमला करने के लिए इस वाक्यांश को प्रचलन में लाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का घोषणापत्र सरदार पटेल की सोच के बिल्कुल विपरीत है। यदि वह जीवित होते, तो वह इस घोषणा पत्र को अस्वीकार कर देते। वे हमारे सशस्त्र बलों को गाली दे रहे हैं। वे कश्मीर में हमारी सेना की ताकत को कम करना चाहते हैं।
मोदी ने कहा, ''यह घोषणापत्र पाकिस्तान की मांगों को पूरा करने का एक प्रयास है।"
PM मोदी ने कांग्रेस पर लगाया 'चुनावी घोटाले' का आरोप, कहा- गरीब और गर्भवती महिलाओं का धन लूटा गया
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कांग्रेस पर 'तुगलक रोड' चुनावी घोटाले का आरोप लगाते हुए कहा कि इसमें गरीब और गर्भवती महिलाओं का धन लूटा गया है। मोदी ने एक चुनावी रैली में आरोप लगाया कि नेहरू-गांधी परिवार ने सरदार पटेल और मोरारजी देसाई जैसे गुजरात के नेताओं पर निशाना साधा और अब उनके जैसे 'चायवाले' पर निशाना साध रहे हैं।
गौरतलब है कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ का बतौर सांसद निवास स्थान नयी दिल्ली का एक, तुगलक रोड है जबकि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का बतौर सांसद आवास दिल्ली में 12, तुगलक लेन है। हाल ही में आयकर विभाग ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता कमलनाथ के करीबी सहयोगियों और अन्य के यहां रविवार को चार राज्यों में छापेमारी की थी।
चुनाव आयोग ने PM मोदी पर बनी बायोपिक की रिलीज पर लगाई रोक
आयकर विभाग के लिए नीतियां तैयार करने वाली सीबीडीटी ने बताया था कि विभाग ने 20 करोड़ रुपये की संदिग्ध राशि की लेनदेन का पता लगाया है जिसे तुगलक रोड पर रहने वाले एक महत्वपूर्ण व्यक्ति के घर से 'दिल्ली में एक प्रमुख राजनीतिक दल के मुख्यालय में कथित तौर पर भेजा जा रहा था। तुगलक रोड पर कई नामचीन लोगों के घर हैं।