एसआईआर कार्य में तेजी लाएं, लापरवाही पर होगी कार्रवाई- डीसी
लोहरदगा के जिला निर्वाचन पदाधिकारी संदीप कुमार मीना ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा की। बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों को कार्य में लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी गई। डिजिटाइजेशन कार्य तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया गया, ताकि सभी पात्र मतदाता समय पर सूची में शामिल हो सकें।

लोहरदगा, संवाददाता।जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने रविवार को विशेष गहन पुनरीक्षण-एसआईआर कार्य से जुड़े जिले के वरीय पदाधिकारियों, ईआरओ, एईआरओ, बीएलओ सुपरवाइजर एवं अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ वर्चुअल समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। बैठक में उपायुक्त ने प्रखंडवार गणना प्रपत्र के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्य की समीक्षा करते हुए सभी एईआरओ को गणना प्रपत्र के संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा इसे निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाना है।उपायुक्त
ने कहा कि डिजिटाइजेशन कार्य समय पर पूर्ण किया जाना आवश्यक है, क्योंकि पांच अगस्त 2026 को सभी मतदान केंद्रों पर प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाना है। उन्होंने सभी बीएलओ सुपरवाइजर को प्रतिदिन के डिजिटाइजेशन कार्य में गति लाने तथा यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी को नगर परिषद क्षेत्र में गणना प्रपत्र के संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। अनुमंडल पदाधिकारी-सह-ईआरओ को सभी राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट के साथ बैठक आयोजित कर विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य के संबंध में जानकारी साझा करने तथा आम नागरिकों को जागरूक एवं मोबिलाइज करने के लिए आवश्यक पहल करने का निर्देश दिया गया।


