प्रधानमंत्री ऋण योजना के नाम पर करते थे ठगी
फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोगों को ऋण दिलाने के आरोपी लोन के नाम पर धोखा देते थे। आरोपियों ने आधार कार्ड से नए सिम निकलवाकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए। लखीमपुर निवासी संजीव कुमार के नाम पर 20 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत कराया गया था, जिसमें से मात्र 71 हजार रुपये ही उन्हें दिए गए।

फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोगों को ऋण दिलाकर ठगी करने के आरोपी लोन दिलाने के नाम पर लोगों को फंसाते थे। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे लोगों के आधार कार्ड लेकर नए सिम निकलवाकर उनका पता बदलवाते थे। इसके बाद उनकी नौकरी के फर्जी दस्तावेज तैयार करके अलग-अलग बैंकों में खाते खुलवाते थे। आरोपियों ने बताया कि इसमें फर्जी पहचान पत्र, फर्जी वेतन पर्चियां और अन्य दस्तावेज भी फर्जी होते थे। खातों में दो-तीन महीने तक वेतन के रूप में धनराशि भेजकर संबंधित व्यक्ति की सिविल बेहतर दिखाई जाती थी। इसके आधार पर बैंक ऑफ बड़ौदा, पंजाब नेशनल बैंक समेत अन्य बैंकों से 15 से 20 लाख रुपये तक के पर्सनल लोन स्वीकृत कराए जाते थे। लाभार्थियों को बताया जाता था कि लोन प्रधानमंत्री ऋण योजना के तहत स्वीकृत हुआ है। फिर उन्हें 70-80 हजार की रकम देकर बाकी धनराशि स्वयं निकालकर बांट लेते थे। इस तरह यह गिरोह करीब एक करोड़ के लोन का फर्जीवाड़ा कर चुका है。
लखीमपुर के व्यक्ति को लगाया 20 लाख का चूना
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि हाल ही में उन्होंने लखीमपुर खीरी निवासी संजीव कुमार के नाम पर 20 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत कराया था। उसमें से 71 हजार रुपये संजीव को दिए गए थे, जबकि शेष रकम आरोपी निकालकर आपस में बांट ली थी। बरामद 3.5 लाख रुपये उसी धनराशि का बचा हुआ हिस्सा था। इस गिरोह के खिलाफ शनिवार को बैंक आफ बड़ौदा की इज्जतनगर शाखा के चीफ मैनेजर शशिकांत तिवारी ने भी रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसमें फर्जी दस्तावेज तैयार कराकर पर्सनल दिलाने का आरोप लगाया गया है।
गिरफ्तार हुए चारों आरोपियों के नाम-पते
- राम नयन गुप्ता उर्फ कृष्णा गुप्ता उर्फ कृष्ण कन्हैया, मूल निवासी कमालसिन बुजुर्ग, थाना पनियरा, जनपद महाराजगंज, वर्तमान निवासी प्राइम मॉडर्न विलेज भोजीपुरा
- राकेश गुप्ता, मूल निवासी नाथ नगर, भागलपुर (बिहार), वर्तमान निवासी आरपीएस कॉलोनी, महरौली (नई दिल्ली)
- अनिल गुप्ता निवासी जगतपुर, काली मंदिर के निकट, थाना बारादरी
- ऋषभ कुमार सक्सेना, निवासी कृष्णा नगर रोड नंबर सात, थाना इज्जतनगर


