शराब बेचने और पीने के आरोप में चार गिरफ्तार, 2 लीटर देसी शराब बरामद
लखीसराय में मद्य निषेध अभियान के तहत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने छापेमारी में 2 लीटर चुलाई शराब बरामद की। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से एक शराब बेचते हुए पकड़ा गया और अन्य शराब के नशे में थे। अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

लखीसराय, हिन्दुस्तान संवाददाता। जिले में मद्य निषेध अभियान के तहत रविवार (12 जुलाई) को उत्पाद विभाग की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर शराब बेचने और पीने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान 2 लीटर देसी चुलाई शराब भी बरामद की गई। उत्पाद थाना से मिली जानकारी के अनुसार, हलसी थाना क्षेत्र के कैंदी गांव में छापेमारी के दौरान राजाराम चौधरी को 2 लीटर चुलाई शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से शराब जब्त कर उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके अलावा थाना चौक, लखीसराय से कजरा थाना क्षेत्र के बरेया निवासी प्रमात कुमार को शराब के नशे में गिरफ्तार किया गया।
जांच में यह दूसरी बार शराब पीने का मामला पाया गया। वहीं हलसी थाना क्षेत्र के कैंदी गांव में अलग-अलग छापेमारी कर अधिक पासवान और गणेश पासवान को भी शराब सेवन के आरोप में गिरफ्तार किया गया। उत्पाद विभाग ने सभी आरोपियों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग ने कहा कि जिले में शराब के कारोबार और सेवन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।


