हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से लाइनमैन की करंट लगने से मौत
लोनी थाना क्षेत्र में एक लाइनमैन की करंट लगने से मौत हो गई। वह हाईटेंशन लाइन पर काम कर रहे थे। जांच में पता चला कि एक लाइन का शटडाउन लेने के बावजूद दूसरी लाइन से चपेट में आ गए। विद्युत निगम ने जांच शुरू कर दी है। परिवार में गर्भवती पत्नी और दो बेटियां हैं।

लोनी, हरदीप श्रीवास्तव। लोनी थाना क्षेत्र में हाईटेंशन लाइन पर कार्य करते लाइनमैन की करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि एक लाइन पर कार्य करते समय दूसरी लाइन की चपेट में आ गए। विद्युत निगम ने भी जांच शुरू कर दी है। मूलरूप से हरदोई थाना हरपालपुर गांव श्यामपुर के रहने वाले कुलदीप चिरोड़ी में पत्नी शीतल व दो बेटियों के साथ रहते थे।
परिवार के हालात
उनके भाई प्रदीप ने बताया कि वह करीब एक वर्ष से बिजली विभाग में संविदा के तहत लाइनमैन के पद पर कार्यरत थे। वह बुधवार देर शाम चिरोडी खड़खड़ी मार्ग पर हाईटेंशन लाइन के खंभे पर काम कर रहे थे। काम करते समय करंट लगने से घायल होकर जमीन पर गिर गए। लोगों ने मामले की सूचना विद्युत निगम को दी। विद्युत कर्मी उन्हें दिल्ली के राजीव गांधी अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सक ने कुलदीप को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि कुलदीप उस जगह पर काम कर रहे थे, जहां से 11 हजार केवी की दो लाइनें आसपास से गुजर रही हैं। कार्य वाली लाइन का शटडाउन लिया था, जबकि पास से गुजर रही दूसरी चिरोड़ी हाईटेंशन लाइन का शटडाउन नहीं लिया था। वह कार्य करते समय इसी लाइन की चपेट में आ गए और खंभे से आकर नीचे गिरे।
जांच प्रक्रिया
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिशासी अभियंता इंद्रप्रस्थ हेमेंद्र सिंह ने बताया कि काम करते समय लाइनमैन ने एक हाईटेंशन लाइन का शटडाउन लिया था। दूसरी लाइन का शटडाउन नहीं लिए जाने से कर्मचारी को करंट लगा। लाइनमैन विगत दो माह से काम कर रहा था। अधीनस्थ कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। लाइनमैन के आश्रित को विभाग की ओर से हर संभव सहायता दिलाई जाएगी।
पैतृक गांव में होगा अंतिम संस्कार
प्रदीप ने बताया कि छह भाईयों में कुलदीप चौथे नंबर का था। उसका विवाह करीब पांच वर्ष पूर्व हुआ था। भाभी शीतल नौ माह की गर्भवती है। पोस्टमार्टम बाद शव को हरदोई स्थित पैतृक गांव ले जाकर अंतिम संस्कार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद से ही परिवार के लोगों का रो रो कर बुरा हाल है। हादसे ने हंसते खेलते परिवार को उजाड़ दिया है।


