दहेज हत्या में पति को उम्रकैद, 15 हजार रुपये जुर्माना

हिन्दुस्तान, शाहजहांपुर
Follow us on Google News
share

अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने दहेज हत्या के मामले में उमेश गुप्ता को दोषी ठहराते हुए उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई। पत्नी की हत्या के लिए पति पर 15 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया। घटना 14 जून 2019 के विवाह के बाद हुई, जिसमें अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर शारीरिक एवं मानसिक प्रताड़ना का आरोप था।

दहेज हत्या में पति को उम्रकैद, 15 हजार रुपये जुर्माना

शाहजहांपुर। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुरेश कुमार शर्मा, कक्ष संख्या एक की अदालत ने दहेज हत्या के चर्चित मामले में मृतका के पति उमेश गुप्ता को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने उस पर 15 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। मामले में वादी पक्ष की ओर से अपर जिला शासकीय अधिवक्ता आशीष त्रिपाठी ने पैरवी की। गवाहों की गवाही पूरी कराने में अधिवक्ता वीरपाल सिंह हरिऔरा का भी योगदान रहा। सजा सुनाते हुए अदालत ने कहा कि पति का दायित्व पत्नी को सुरक्षा और संरक्षण देना था, लेकिन दहेज के लिए उसकी हत्या कर वैवाहिक और पारिवारिक दायित्वों के प्रति गंभीर विश्वासघात किया गया।

शादी और दहेज का मामला

अभियोजन के अनुसार वादी बटेश्वर दयाल गुप्ता ने अपनी बेटी रीना गुप्ता की शादी 14 जून 2019 को रौजा थाना क्षेत्र के सिसौआ गांव निवासी उमेश गुप्ता पुत्र सियाराम गुप्ता के साथ हिंदू रीति-रिवाज से की थी। शादी में मायके पक्ष ने करीब पांच लाख रुपये का दान-दहेज दिया था। आरोप है कि इसके बावजूद उमेश गुप्ता समेत ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज में पांच लाख रुपये की मांग को लेकर रीना को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे.

घटना की सूचना और पुलिस जांच

28 नवंबर 2023 को पड़ोसियों से रीना के मायके वालों को उसकी मौत की सूचना मिली। पिता और अन्य परिजन सिसौआ स्थित ससुराल पहुंचे तो रीना का शव पड़ा मिला। अभियोजन के अनुसार उसके नाक और कान से खून निकल रहा था तथा गले पर कसने के निशान थे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पिता की तहरीर पर रौजा थाने में पति समेत ससुराल पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

सीओ द्वारा जांच और सजा

तत्कालीन सीओ सदर अमित चौरसिया ने मामले की विवेचना की और आरोप-पत्र न्यायालय में दाखिल किया। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्य और गवाहों के बयान अदालत के सामने रखे। साक्ष्यों के परीक्षण के बाद अदालत ने पति उमेश गुप्ता को दोषी माना और आजीवन कारावास तथा 15 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई।

सामान्य प्रश्न

✦उमेश गुप्ता को कितनी सजा सुनाई गई है?−
उमेश गुप्ता को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें
Hindi News , इंडिया न्यूज़ , आज का मौसम , विधानसभा चुनाव और Navratri 2026 से जुड़ी ताज़ा खबरों व पल-पल के अपडेट के लिए लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़े रहें। UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Vidhan Sabha Candidates से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें और जानकारी यहां पढ़ें। सभी बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए लाइव हिन्दुस्तान ऐप अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsIndia Newsदहेज हत्या में पति को उम्रकैद, 15 हजार रुपये जुर्माना