कुष्ठ रोग की पहचान को लेकर निकली जागरुकता रैली
लातेहार में गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर कुष्ठ रोग जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सिविल सर्जन डॉ राजमोहन खलखो ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में इस रोग के लक्षणों की पहचान और उपचार के प्रति जागरुक करने का प्रयास किया गया।

लातेहार, संवाददाता। गांधी जयंती व लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर शुक्रवार को सदर अस्पताल परिसर में कुष्ठ रोग जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सिविल सर्जन डॉ राजमोहन खलखो व चिकित्सकों ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर की। सिविल सर्जन डॉ राजमोहन खलखो व अन्य चिकित्सकों ने हरी झंडी दिखाकर जागरुकता रैली को सदर अस्पताल परिसर से रवाना किया। रैली में शामिल स्वास्थ्यकर्मियों ने लोगों को कुष्ठ रोग की प्रारंभिक अवस्था में पहचान और उपचार के प्रति जागरूक किया। सिविल सर्जन ने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को 2 से 8 अक्तूबर तक कुष्ठ जागरुकता सप्ताह मनाकर आम लोगों को रोग के संभावित लक्षणों की जानकारी देने का निर्देश दिया।
उन्होंने बताया कि शरीर पर बदरंग या लालिमा वाले ऐसे दाग, जिनमें सुन्नपन हो, हाथ-पैर में झिनझिनाहट, विकृति या अक्षमता, भौंहों के बाल झड़ना व चेहरे, कान या शरीर के अन्य हिस्सों पर गांठ जैसे उभार कुष्ठ रोग के संभावित लक्षण हो सकते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर लोगों से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या जिला कुष्ठ निवारण कार्यालय से संपर्क करने की अपील की। डीसी ने कहा कि कुष्ठ रोग को लेकर लोगों में जागरुकता बढ़ाना जरूरी है। शुरुआती लक्षणों की पहचान कर समय पर जांच और उपचार कराने से बीमारी को नियंत्रित किया जा सकता है। मौके पर डॉ मारसा तोपनो, डॉ सीमा रानी, डॉ राजेश कुमार, सुनील सिंह, प्रवेज अख्तर, एसटीटी बंधु उरांव, बीटीटी उमानाथ सिंह, सत्य प्रकाश समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे।


