सैंजनी गांव में पकड़ा गया तेंदुआ, अब तक 13 का रेस्क्यू
मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा क्षेत्र के सैंजनी गांव में वन विभाग ने एक तेंदुए को पकड़ा है। अब तक 13 तेंदुओं का सफल रेस्क्यू किया जा चुका है। विभाग ने 42 संवेदनशील गांवों में निगरानी के लिए 49 पिंजरे लगाए हैं। वनकर्मी रात के समय गश्त कर रहे हैं और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।

मुरादाबाद। ठाकुरद्वारा क्षेत्र के सैंजनी गांव में वन विभाग की ओर से लगाए गए पिंजरे में गुरुवार को एक तेंदुआ कैद हो गया। इसके साथ ही वन विभाग अब तक क्षेत्र से 13 तेंदुओं का सुरक्षित रेस्क्यू कर चुका है। तेंदुओं की लगातार बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग की टीमें ठाकुरद्वारा तहसील के करीब 42 संवेदनशील गांवों में लगभग 49 पिंजरे लगाकर निगरानी कर रही हैं। वनकर्मी रात के समय भी प्रभावित गांवों और खेतों के आसपास लगातार गश्त कर रहे हैं। तेंदुए की लोकेशन मिलने पर उसके आवागमन वाले स्थानों को चिह्नित कर पिंजरे लगाए जा रहे हैं।
डिलारी क्षेत्र के सैंजनी गांव में तेंदुआ पकड़े जाने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उसे सुरक्षित तरीके से कब्जे में लिया। विभाग की टीमें ट्रैप कैमरों और अन्य माध्यमों से भी तेंदुओं की गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। ग्रामीणों को भी सतर्क रहने और अकेले खेतों की ओर न जाने की सलाह दी जा रही है।डीएफओ डॉ. विनय कुमार ने बताया कि तेंदुओं को पकड़ने के लिए लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है, जोकि आगे भी जारी रहेगा।


