टीएनबी लॉ कॉलेज में कानूनी जागरूकता शिविर
भागलपुर के टीएनबी लॉ कॉलेज में जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा कानूनी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। डालसा की सचिव रंजीता कुमारी ने विद्यार्थियों से कहा कि कानून की असली समझ व्यावहारिक अनुभव से मिलती है। छात्रों को 12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

भागलपुर, वरीय संवाददाता टीएनबी लॉ कॉलेज में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) द्वारा सोमवार को एक दिवसीय कानूनी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार सिन्हा ने की। मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद डालसा की सचिव सह अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी रंजीता कुमारी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि किताबें केवल सैद्धांतिक जानकारी देती हैं, लेकिन कानून की असली समझ व्यावहारिक अनुभव से ही आती है। कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के कानूनी तंत्र और न्याय व्यवस्था के भविष्य हैं। उन्होंने युवाओं से 12 सितंबर को भागलपुर व्यवहार न्यायालय में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में बढ़-चढ़कर भाग लेने और कानून के व्यावहारिक पहलुओं को समझने की अपील की।
साथ ही नालसा के जागृति स्कीम के तहत युवाओं को उनके कानूनी अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया। इस मौके पर क्विज प्रतियोगिता आयोजित हुई। इस अवसर पर कई शिक्षक, विद्यार्थी सहित अन्य मौजूद रहे।


