सिलफोड़ी में घर-घर पहुंच दी जा रही कानूनी अधिकार की जानकारी
चक्रधरपुर में 60 दिवसीय मेगा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसमें लोगों को कानूनी अधिकारों और विधिक सेवाओं की जानकारी दी जा रही है। डोर-टू-डोर सर्वे के माध्यम से ग्रामीणों को कानूनी सहायता के तरीकों के बारे में बताया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को नि:शुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराना है।

चक्रधरपुर,संवाददाता राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार, नई दिल्ली और झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा की ओर से चक्रधरपुर प्रखंड की शिल्फोरी पंचायत में 60 दिवसीय मेगा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत रविवार को पंचायत क्षेत्र में डोर-टू-डोर जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को उनके कानूनी अधिकारों और उपलब्ध विधिक सेवाओं की जानकारी दी गई। अभियान का संचालन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा मोहम्मद शाकिर तथा सचिव रवि चौधरी के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। अभियान के तहत अधिकार मित्रों की प्रथम टीम ने पंचायत क्षेत्र में घर-घर जाकर सर्वे किया और लोगों से संपर्क स्थापित किया।
इस दौरान अधिकार मित्र उदाहरण प्रधान, राजमुनी गागराई और अनिता गिलुवा ने अभियान में योगदान दिया। डोर-टू-डोर अभियान के माध्यम से लोगों को कानूनी सहायता प्राप्त करने के तरीकों और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों तक विधिक सेवा की जानकारी पहुंचाना और जरूरतमंद लोगों को नि:शुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के प्रति जागरूक करना है।

