पॉक्सो एक्ट की जानकारी देकर बच्चों को किया जागरूक
महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा शामली में विद्यालयों में विशेष विधिक जागरूकता अभियान चलाया गया। उच्च प्राथमिक विद्यालय लिलौन में कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों को पॉक्सो एक्ट, कानूनी अधिकारों और शिकायत प्रक्रिया की जानकारी दी गई। न्यायिक अधिकारियों ने विधिक सहायता भी उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

कैराना। महात्मा गांधी जयंती के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शामली की ओर से विद्यालयों में विशेष विधिक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। गुरुवार को उच्च प्राथमिक विद्यालय लिलौन में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को बालकों के लैंगिक अपराधों से संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो एक्ट) के प्रावधानों की जानकारी दी गई। सिविल जज जूनियर डिवीजन कैराना जीतन प्रवीन और न्यायिक मजिस्ट्रेट दिव्या शर्मा ने बच्चों को लैंगिक अपराधों से बचाव के उपाय, किसी घटना की स्थिति में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया तथा उनके कानूनी अधिकारों के बारे में समझाया।
साथ ही, जरूरत पड़ने पर मिलने वाली नि:शुल्क विधिक सहायता की जानकारी भी दी गई। आलोक चौहान ने भी बच्चों को आवश्यक कानूनी जानकारियां दी। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के लिपिक रवि कुमार, जेंडर स्पेशलिस्ट कुलदीप शर्मा, शिक्षक, पीएलवी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।


