जमानत पर छूटने के बाद अभिनव आया हैरी बॉक्सर गैंग के संपर्क में
दिल्ली की रोहिणी पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई-हैरी बॉक्सर गैंग के तीन शूटरों को पकड़ा है, जिनमें से अभिनव सिंह और विवेक यादव आजमगढ़ के निवासी हैं। अभिनव नादिर शाह हत्याकांड में शामिल था। दोनों शूटर गांव से दिल्ली स्थलांतरित होकर गैंग के संपर्क में आ गए और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त हो गए।

आजमगढ़, संवाददाता। दिल्ली की रोहिणी पुलिस द्वारा पकड़े गए लॉरेंस बिश्नोई-हैरी बॉक्सर गैंग के तीन शूटरों में अभिनव सिंह उर्फ आकाश और विवेक यादव आजमगढ़ के निवासी हैं। अभिनव दिल्ली में हुए जिम संचालक नादिर शाह हत्याकांड में भी शामिल रहा। वह जमानत पर छूटने के बाद कुछ दिनों तक घर रहने के बाद फिर दिल्ली गया। इस दौरान हैरी बॉक्सर गैंग के संपर्क में आ गया। इसके बाद गांव के ही दूसरे शूटर विवेक को भी दिल्ली बुला लिया था। लॉरेंस बिश्नोई-हैरी बॉक्सर गैंग के गिरफ्तार तीन शूटरों में अभिनव सिंह उर्फ आकाश सिंह पुत्र सूर्यनाथ सिंह एवं विवेक यादव पुत्र राजेश यादव ग्राम भटनी थाना महराजगंज के मूल निवासी हैं।
अभिनव सिंह के पिता पूर्व में प्राइवेट स्कूल में अध्यापक थे। वर्तमान में गांव में ही झाड़फूंक के साथ लोगों का इलाज करते हैं। अभिनव का बड़ा भाई विकास सिंह सचिवालय में कार्यरत है। अभिनव सिंह पूर्व में इलाहाबाद में रहता था। इलाहाबाद से ही वह दिल्ली चला गया था। दिल्ली जाने के बाद वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग के संपर्क में आ गया। इसके बाद इस गैंग का शार्प शूटर बन गया। वह वर्ष 2024 में दिल्ली के ग्रेटर कैलाश-1 के जिम मालिक नादिर शाह हत्याकांड में शामिल था। 29 मई 2026 को जमानत पर छूटने के बाद घर आया। पखवारे भर रहने के बाद फिर से दिल्ली चला गया और हैरी बॉक्सर गैंग के संपर्क में आ गया। गैंग के निर्देश पर उसने गांव के ही निवासी विवेक यादव को शूटर के रूप में दिल्ली बुलाया था। दोनों शूटर विदेश में बैठे हैंडलर्स से सुरक्षित ऐप्स के जरिए साजिश और रंगदारी की वारदातें संचालित कर रहे थे। दूसरा शूटर विवेक यादव पिता के साथ खेती करता था। उसके पिता घर पर ही रहते हैं और मानसिक रूप से बीमार हैं। उसका एक भाई अभिषेक यादव भी घर पर रहकर खेती करता है। एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अभिनव के खिलाफ तीन मुकदमे दर्ज हैं। जिनमें एक महराजगंज थाने में तथा दो दिल्ली में हैं। विवेक यादव के खिलाफ जिले के कप्तानगंज थाने में एक मुकदमा दर्ज है।
इस खबर पर आपकी क्या राय है?


