सुपौल: मानदेय बढ़ाने की मांग पर न्याय मित्रों का पटना कूच, धरना-प्रदर्शन की रणनीति तय
अधिवक्ताओं की एक बड़ी संख्या न्याय मित्र संघ के नेतृत्व में पटन के गर्दनीबाग में 5 से 7 अक्टूबर तक धरना-प्रदर्शन करने जा रहे हैं। न्याय मित्रों का मानदेय 7000 रुपये है, जो मजदूरों की दैनिक मजदूरी से भी कम है। बैठक में आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की गई।

त्रिवेणीगंज से रवि की रिपोर्ट ग्राम कचहरी में न्याय मित्र के रूप में कार्यरत अधिवक्ताओं बड़ी संख्या में अपनी मांगों के समर्थन में पटना कूच करेंगे। इसी निमित जिला ग्राम कचहरी न्याय मित्र संघ, के नेतृत्व में गुरुवार की शाम बिधिज्ञ संघ भवन में अनुमंडल के न्यायमित्रों की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष बलदेव प्रसाद यादव ने की। बैठक में आगामी 5, 6 एवं 7 अक्टूबर को पटना के गर्दनीबाग में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को सफल बनाने की रणनीति तैयार की गई। जिला उपाध्यक्ष यतीन्द्र मोहन सिंह ने कहा कि आज के इस मंहगाई के दौर में न्याय मित्रों का मानदेय महज 7000 रुपये है।जो
मजदूर के दैनिक मजदूरी से भी कम है।बार बार आग्रह के बाबजूद सरकारी स्तर से महज खोखला आश्वासन ही मिलता है। वर्तमान मानदेय में वृद्धि समेत विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए आंदोलन ही एकमात्र विकल्प बचा हुआ है। जिला प्रवक्ता देवेंद्र कुमार उर्फ पवन ने कहा कि न्यायमित्र लंबे समय से अपनी समस्याओं और मांगों को संबंधित स्तर पर उठा रहे हैं। सूबे के न्याय अब मांगों को लेकर पटना में शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से धरना-प्रदर्शन करेंगे। बैठक में न्याय मित्रों ने प्रस्तावित आंदोलन में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लेते हुए अपनी मांगों को मजबूती से सरकार एवं संबंधित विभाग के समक्ष रखने के लिए आगामी 5,6 एवं 7 अक्टूबर के तीन दिवसीय प्रदर्शन में भारी संख्या में पटना जाने का ऐलान किया।और धरना-प्रदर्शन को शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं लोकतांत्रिक तरीके से संचालित करने पर सहमति व्यक्त की।बैठक में जिला उपाध्यक्ष यतिन्द्र मोहन सिंह, जिला प्रवक्ता देवेंद्र कुमार उर्फ पवन, दिलीप पोद्दार, बिश्वेश्वर प्रताप विमल, राजेंद्र प्रसाद यादव, स्वाति रूपम, ताराचंद मेहता, सुधीर कुमार वर्मा, योगेंद्र मेहता, अरविंद कुमार एवं चतुरानंद यादव सहित बड़ी संख्या में न्याय मित्र शामिल हुए।


