अब घर-घर पहुंचेंगी सरकारी योजनाएं, विकास आपके द्वार अभियान का शुभारंभ
बलरामपुर में 'विकास आपके द्वार' अभियान की शुरुआत की गई, जिसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के अंतर्दृष्टि को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है। सीडीओ हिमांशु गुप्त के नेतृत्व में प्रचार वाहनों को रवाना किया गया, जो पात्र व्यक्तियों की पहचान कर सरकारी सुविधाओं से जोड़ेंगे। यह अभियान ग्रामीणों को जानकारी और पंजीकरण जैसी सेवाएं एक ही स्थान पर मुहैया कराएगा।

बलरामपुर, संवाददाता। जिले के अंतिम छोर तक बैठे पात्र व्यक्तियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से मंगलवार को विकास आपके द्वार अभियान की शुरुआत की गई। विकास भवन परिसर से मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्त ने विशेष प्रचार एवं सेवा वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं से वंचित लोगों तक सीधे पहुंचकर उन्हें सरकारी सुविधाओं से जोड़ने का कार्य करेगा। सीडीओ ने कहा कि जनपद के प्रत्येक विकास खंड के लिए एक-एक वाहन की व्यवस्था की गई है। इन वाहनों के संचालन के लिए प्रशिक्षित ऑपरेटरों व वीएलई (विलेज लेवल एंटरप्रेन्योर) की तैनाती की गई है, जो निर्धारित रोस्टर के अनुसार गांव-गांव पहुंचकर लोगों से संपर्क स्थापित करेंगे।
अभियान के तहत टीमें घर-घर जाकर ऐसे पात्र व्यक्तियों की पहचान करेंगी जो अभी तक सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त नहीं कर सके हैं। टीम उनकी पात्रता का सत्यापन कर आवश्यक पंजीकरण कराया जाएगा तथा उन्हें विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया मौके पर ही शुरू की जाएगी। शासन की स्पष्ट मंशा है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। विकास आपके द्वार अभियान को धरातल पर उतारने का प्रयास किया जा रहा है। इसके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को योजनाओं की जानकारी, पात्रता की जांच और लाभार्थी पंजीकरण जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। अभियान से ग्रामीणों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी। योजनाओं का लाभ अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से जरूरतमंद लोगों तक पहुंच सकेगा। इस पहल से शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित होगा। विकास योजनाओं की पहुंच और प्रभाव दोनों में वृद्धि होगी। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त रोजगार सुशील अग्रहरि सहित विकास भवन के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने अभियान को सफल बनाने तथा अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का संकल्प लिया।


