पूर्णिया: आदर्श उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय परोरा में उन्नयन बिहार स्मार्ट क्लास का उद्घाटन
केनगर, पूर्णिया से धीरज बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी उन्नयन बिहार योजना के तहत केनगर

केनगर, पूर्णिया से धीरज बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी उन्नयन बिहार योजना के तहत केनगर प्रखंड स्थित आदर्श उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, परोरा में स्मार्ट क्लास का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पटना में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अन्य मंत्रियों के साथ मंचासीन होकर वर्चुअल माध्यम से राज्य के विभिन्न विद्यालयों में स्मार्ट क्लास का उद्घाटन किया। इसी क्रम में आदर्श उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय, परोरा में प्रखंड प्रमुख सरीता सरोज, बीडीओ मनीष कुमार, प्रमुख प्रतिनिधि विद्यासागर मंडल तथा विद्यालय परिवार के सदस्यों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर स्मार्ट क्लास का उद्घाटन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीडीओ मनीष कुमार ने कहा कि उन्नयन बिहार योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को तकनीक आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।
उन्होंने छात्रों से स्मार्ट क्लास का अधिकतम लाभ उठाने और आधुनिक शिक्षण प्रणाली के माध्यम से अपनी प्रतिभा को निखारने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत कक्षा 9 एवं 10 के विद्यार्थियों को टीवी स्क्रीन पर ऑडियो-वीडियो सामग्री के माध्यम से पाठ्यक्रम आधारित शिक्षा प्रदान की जाएगी, जिससे विषयों को समझना और अधिक आसान होगा। प्रखंड प्रमुख सरीता सरोज ने कहा कि डिजिटल शिक्षा वर्तमान समय की आवश्यकता है। स्मार्ट क्लास की सुविधा से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी आधुनिक शिक्षण संसाधनों का लाभ मिलेगा और उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार होगा। कार्यक्रम का संचालन कन्या मध्य विद्यालय की शारीरिक शिक्षिका सुचित्रा कुमारी ने किया। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए स्मार्ट क्लास को शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


