22 को होगा खुरपका मुँहपका टीकाकरण अभियान का शुभारम्भ
हरदोई में 22 जुलाई को खुरपका मुँहपका टीकाकरण अभियान का शुभारम्भ होगा। इस अभियान की अवधि 45 दिन होगी और इसमें 838000 गोवंशीय एवं महिषवंशीय पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जायेगा। यह संक्रामक बीमारी पशुओं में गंभीर लक्षण उत्पन्न करती है तथा इसके लिए टीकाकरण कार्य गांवों में टीमों द्वारा किया जाएगा।

हरदोई। आगामी 22 जुलाई को खुरपका मुँहपका टीकाकरण अभियान का शुभारम्भ होगा। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डा. एके सिंह ने बताया कि जनपद में 22 जुलाई को समारोहपूर्वक राष्ट्रीय पशुरोग नियंत्रण कार्यक्रम के अन्तर्गत खुरपका मुँहपका टीकाकरण अभियान के आठवें चरण का शुभारम्भ किया जायेगा। इस अभियान की अवधि 45 दिन की होगी। यह एक संक्रामक बीमारी है। इस बीमारी से प्रभावित पशुओं में मुख्य लक्षण पैरों में छाले, घाव, मुंह और जीभ में छाले, बुखार रहता है। बीमार पशु खाना-पीना छोड़ देता है। उसे चलने-फिरने में दिक्कत होती है। दुधारू पशुओं में दूध उत्पादन में कमी होती है। उपयुक्त चिकित्सा न होने पर प्रभावित पशु की मृत्यु भी हो जाती है। इसकी रोकथाम हेतु भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय पशुरोग नियंत्रण कार्यक्रम के अन्तर्गत खुरपका मुँहपका टीकाकरण का अभियान निःशुल्क चलाया जा रहा है।
टीकाकरण प्रक्रिया
अभियान के अन्तर्गत गठित टीमों द्वारा जनपद में 838000 गोवंशीय एवं महिषवंशीय पशुओं में खुरपका मुँहपका रोग की रोकथाम हेतु टीकाकरण पशुपालक के द्वार पर जाकर निःशुल्क किया जायेगा। जनपद में खुरपका मुँहपका टीकाकरण हेतु टीमों का गठन किया गया है। ये रोस्टर के अनुसार गांव में पहुँचकर पशुओं में टीकाकरण कार्य करेगी। टीकाकरण से एक दिन पूर्व ग्राम प्रधान के माध्यम से ग्राम में पशुओं में टीकाकरण हेतु प्रचार-प्रसार कराया जायेगा। पशुपालको को टीकाकरण हेतु जागरूक किया जायेगा। अभियान अन्तर्गत ग्राम में पशुओं में टीकाकरण के समय संबंधित लेखपाल एवं ग्राम पंचायत सचिव द्वारा भी सहयोग किया जायेगा। टीकाकरण के दौरान 08 माह से अधिक गाभिन पशु एवं 04 माह से छोटे बच्चों का टीकाकरण नहीं किया जाएगा।


