सदर अस्पताल की बदहाल व्यवस्थाएं जल्द होंगी दुरुस्त : उपाधीक्षक
लातेहार के सदर अस्पताल की उपाधीक्षक डॉ. अंजना कुमारी ने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं और वार्डों की स्थितियों में सुधार करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि सीलिंग टूटने, खराब उपकरण और अन्य समस्याओं का समाधान चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिले।

लातेहार, प्रतिनिधि। सदर अस्पताल की उपाधीक्षक डॉ. अंजना कुमारी ने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं एवं विभिन्न वार्डों की बदहाल व्यवस्था को जल्द दुरुस्त करने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक स्थायी उपाधीक्षक नहीं रहने के कारण अस्पताल की कई व्यवस्थाएं प्रभावित हुई हैं, जिसे चरणबद्ध तरीके से सुधारने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इमरजेंसी वार्ड की सीलिंग टूटकर गिर रही है, जिसकी मरम्मत जल्द कराई जाएगी। इसके अलावा जनरल वार्ड, प्रसूति वार्ड, एसएनसीयू और पेलियेटिव वार्ड समेत कई अन्य वार्डों में भी विभिन्न समस्याएं हैं। सभी कमियों को चिन्हित कर उनके समाधान की दिशा में कार्रवाई की जा रही है।
डॉ. अंजना कुमारी ने कहा कि उनका प्रयास है कि मरीजों को बेहतर इलाज के लिए अनावश्यक रूप से बाहर नहीं जाना पड़े और लातेहार में ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने बताया कि कई वार्डों के पंखे और एयर कंडीशनर भी खराब हैं, जिन्हें जल्द मरम्मत कराकर चालू कराने की व्यवस्था की जाएगी।


