हर-हर महादेव और बोलबम के जयघोष से गूंजा बटेश्वर
बटेश्वर में 60 हजार तो कहलगांव में 25 हजार श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक सावन की

कहलगांव, निज प्रतिनिधि। सावन की तीसरी सोमवारी पर शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के शिवालयों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कहलगांव और बटेश्वर में रविवार की देर शाम से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। अहले सुबह से ही बटेश्वर का पूरा परिक्षेत्र जय बटेश, बोलबम और हर-हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान रहा। कहलगांव के उत्तरवाहिनी गंगा तट और बटेश्वर में गंगा स्नान एवं शिवालयों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। बटेश्वर में करीब 60 हजार श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर देवाधिदेव महादेव को जल अर्पित किया। वहीं, कहलगांव के उत्तरवाहिनी गंगा तट के विभिन्न घाटों पर स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने जागेश्वर नाथ महादेव मंदिर और बाबा दूधेश्वर नाथ महादेव मंदिर में जलाभिषेक किया।
इसके बाद गंगा से जल भरकर अपने-अपने क्षेत्रों के शिवालयों के लिए रवाना हुए।कहलगांव के भद्रेश्वर पहाड़ी पर स्थित प्राचीन भद्रेश्वर नाथ महादेव मंदिर, एनटीपीसी के शिवा शिव मंदिर, थाना परिसर के शिव-पार्वती मंदिर, अर्धनारीश्वर मंदिर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के विभिन्न शिवालयों में भी श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। जागेश्वरनाथ महादेव मंदिर और बटेश्वर स्थान स्थित बाबा वशिष्ठेश्वर नाथ महादेव मंदिर में रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। बटेश्वर स्थान में केंद्रीय रेलवे रेल यात्री संघ के अध्यक्ष विष्णु खेतान के नेतृत्व में दोपहर बाद रुद्राभिषेक एवं श्रृंगार पूजा आयोजित की गई। देर शाम गंगा महाआरती का आयोजन हुआ। बटेश्वर में पूरे सावन माह चलने वाला हरिनाम संकीर्तन भी जारी है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए अंतिचक थाना की पुलिस भारी संख्या में बल के साथ विधि-व्यवस्था बनाए रखने में जुटी रही।


