मसूरी-देहरादून मार्ग मरम्मत के लिए किया दो घंटे बंद, छोटे वाहनों की आवाजाही शुरू की
मसूरी-देहरादून मार्ग पर लगातार भूस्खलन के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है। शनिवार को मार्ग का एक हिस्सा गिरने से दो घंटे के लिए बंद किया गया। स्थानीय प्रशासन ने यातायात को धीरे-धीरे शुरू किया है, लेकिन अभी भी कई स्थानों पर खतरा बना हुआ है।

मसूरी। संवाददाता मसूरी-देहरादून मार्ग पर लगातार हो रहे भूस्खलन के चलते राहगीरों और वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। शनिवार सुबह मार्ग का एक हिस्सा दोबारा क्षतिग्रस्त होने के बाद दो घंटे तक मार्ग को मरम्मत के लिए बंद रखा गया।इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद फिलहाल मार्ग पर वाहनों की आवाजाही धीरे-धीरे शुरू करा दी गई है।
भूस्खलन से यातायात की समस्या
मसूरी देहरादून मार्ग पिछली आपदा के बाद से ही असुरक्षित हो गया है। जब भी बारिश होती है तो कहीं न कहीं रोड का पुश्ता ढह जाता है या भूस्खलन से रोड को नुकसान पहुंच रहा है। अभी भी कई स्थानों पर खतरा बना है।शनिवार सुबह रोड का एक हिस्सा और ढह गया। इसकी जानकारी पुलिस प्रशासन को दी गई। अधिकारियों के निर्देश के बाद रोड को पूरी तरह से बंद कर दिया गया। दो घंटे बाद रोड को खोला गया। इस दौरान रोड के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी। स्थानीय निवासी दीपक ने बताया कि बरसात का करीब एक महीना अभी बाकी है और ऐसे में मार्ग के कई हिस्सों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। उन्होंने आशंका जताई कि कोल्हूखेत पानी वाले बैंड के आसपास भी पहाड़ का मलबा सड़क पर आ सकता है, जिससे यातायात फिर बाधित होने की स्थिति पैदा हो सकती है। प्रशासन की ओर से बताया गया कि फिलहाल मार्ग पर अस्थाई रूप से आवाजाही शुरू करा दी गई है। सड़क को पूरी तरह दो-तरफा यातायात के लिए खोलने में करीब ’8 से 10 दिन’ का समय लग सकता है। फिलहाल भारी और बड़े वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई गई है। इसके लिए नीचे कुठाल गेट के पास ही एसडीएम की ओर से आदेश जारी किए गए हैं, जो बीती रात से प्रभावी हैं। लगातार हो रहे भूस्खलन को देखते हुए आने वाले दिनों में भी इस मार्ग पर यात्रियों और वाहन चालकों को सावधानी के साथ सफर करना होगा।
प्रशासनिक उपाय और निर्देश
एसडीएम राहुल आनंद ने बताया कि गत दिवस को रोड का एक हिस्सा गिरने के बाद से बड़े वाहनों के चलने पर रोक लगा दी गयी थी।सीओ सहित मसूरी कोतवाली व राजपुर थाने को इस संबंध में निर्देश दिए गये थे।जब तक रोड की मरम्मत नहीं की जाती तब तक बड़े वाहन बंद रहेंगे। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता के रिपोर्ट के आधार पर वन वे किया गया है। उन्होंने कहा कि मसूरी का यातायात किमाड़ी मार्ग से किया जा रहा है। हालांकि यहां पर भी करीब दो स्थान ऐसे हैं जहां पर हर समय भूस्खल हो सकता है। लोनिवि को सतर्कता बरतने व विभागीय कर्मचारियों को तैनात करने के लिए कहा गया है। वहीं मालदेवता से मसूरी आने वाले मार्ग का भी उपयोग किया जा सकता है। लोनिवि के सहायक अभियंता अरंविद ने बताया कि भारी वाहनों को रोका गया है व अन्य वाहनों के लिए मार्ग खोला जा चुका है। वहीं बड़े वाहनों के लिए दस दिनों में रोड खोल दिया जाएगा। यह सिंकिंग जोन है जिसके कारण परेशानी हो रही है । विभाग लगातार कार्य कर रहा है। वहीं विभाग ने विशेषज्ञों से क्षेत्र का निरीक्षण करवा दिया है उन्हीं के अनुसार कार्य किया जा रहा है।


