कुलागाड में भूस्खलन से वैलीब्रिज ध्वस्त, चीन सीमा से संपर्क कटा
पिथौरागढ़ में धारचूला-तवाघाट राजमार्ग पर कुलागाड़ के पास भूस्खलन के कारण वैली ब्रिज टूट गया। इससे दारमा, व्यास और चौदास घाटियों में रहने वाले लोगों की आवाजाही बाधित हो गई है और भारत का चीन सीमा से संपर्क भी कट गया है। प्रशासन ने यातायात बहाल करने की दिशा में अस्थाई मार्ग तैयार करने की योजना बनाई है।
पिथौरागढ़, संवाददाता। धारचूला-तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुलागाड़ के पास पहाड़ी से गिरे मलबे और भारी बोल्डरों की चपेट में आने से वैली ब्रिज ध्वस्त हो गया। पुल टूटने से उच्च हिमालयी क्षेत्र की तीनों घाटियों दारमा, व्यास और चौदास में रहने वाले लोगों की आवाजाही ठप हो गई है। साथ ही भारत का चीन सीमा से भी संपर्क पूरी तरह से कट गया है। आपदा प्रबंधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार रात कुलागाड़ के समीप स्थित पहाड़ी में भूस्खलन होने से मलबे के साथ ही बड़े-बड़े बोल्डर गिर गए। जिसकी चपेट में आने से वैली ब्रिज क्षतिग्रस्त होकर टूट गया।
बुधवार सुबह छह बजे के करीब गश्त में निकलें बीआरओ कर्मियों को घटना की जानकारी मिली। सामरिक दृष्टि से संवेदनशील बंद इस मार्ग में जल्द से जल्द यातायात बहाल करने में प्रशासन जुट गया है। बताया जा रहा है फिलहाल वैकल्पिक व्यवस्था के लिए पहले अस्थाई मार्ग तैयार किया जाएगा।


