6 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज के लिए जमीन की तलाश तेज
नालंदा जिले में 6 प्रखंडों में स्थायी राजकीय डिग्री कॉलेज स्थापित करने के लिए भूमि की तलाश तेज हो गई है। तीन प्रखंडों में भूमि चिह्नित की जा चुकी है, जबकि एनओसी की प्रक्रिया जारी है। ग्रामीण छात्रों को उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए कॉलेजों में अगस्त के दूसरे सप्ताह तक शिक्षकों की तैनाती की जाएगी।

6 प्रखंडों में डिग्री कॉलेज के लिए जमीन की तलाश तेज अब तक तीन प्रखंडों में मिली भूमि, एनओसी प्रक्रिया जारी अगस्त के दूसरे सप्ताह तक 12 शिक्षकों की होगी तैनाती ग्रामीण छात्रों को उच्च शिक्षा घर के पास उपलब्ध कराने की तैयारी नामांकन के बाद शुरू हो चुकी है पढ़ाई फोटो : सरमेरा कॉलेज : सरमेरा राजकीय डिग्री कॉलेज भवन। बिहारशरीफ, निज संवाददाता।
भूमि की खोज
नालंदा जिले के डिग्रीविहीन प्रखंडों में स्थायी राजकीय डिग्री कॉलेज स्थापित करने की दिशा में प्रशासनिक कवायद तेज हो गई है। छह प्रखंडों में कॉलेज भवन निर्माण के लिए उपयुक्त सरकारी जमीन की तलाश जारी है, जबकि तीन प्रखंडों में भूमि चिह्नित कर उसकी अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) की प्रक्रिया चल रही है। नगरनौसा प्रखंड में प्रस्तावित भूमि का सोमवार को अंचलाधिकारी (सीओ) नेहा कुमारी निरीक्षण करेंगी। इसके बाद रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपी जाएगी। जिला शिक्षा पदाधिकारी हेमचंद्र ने बताया कि कॉलेज निर्माण के लिए युद्धस्तर पर जमीन की खोज की जा रही है। जैसे ही भूमि की एनओसी प्राप्त होगी, उसे शिक्षा विभाग को भेजकर भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में राजकीय डिग्री कॉलेज की स्थापना के लिए कम से कम पांच एकड़ भूमि की आवश्यकता है। जबकि, शहरी क्षेत्र में इसके लिए 2.5 एकड़ जमीन चाहिए। जिला के सभी नौ नए डिग्री कॉलेज ग्रामीण इलाकों में बनाए जाने हैं। इसके लिए सीओ को पत्र भेजा जा चुका है।
शिक्षकों की तैनाती
राज्य सरकार ने जिले के नौ डिग्रीविहीन प्रखंडों में चालू शैक्षणिक सत्र से राजकीय डिग्री कॉलेजों का संचालन शुरू किया है। फिलहाल इन कॉलेजों में वैकल्पिक व्यवस्था के तहत नामांकन और पढ़ाई चल रही है। कतरीसराय राजकीय डिग्री कॉलेज के प्राचार्य प्रो. रामकृष्ण परमहंस ने बताया कि अगस्त के दूसरे सप्ताह तक प्रत्येक कॉलेज में 12 शिक्षकों की तैनाती होने की संभावना है। इसके बाद नियमित शैक्षणिक गतिविधियां शुरू हो जाएंगी। इन प्रखंडों में डिग्री कॉलेज बनाने के लिए जगह की हो रही तलाश : रहुई, नूरसराय, बिंद, नगरनौसा, कतरीसराय, थरथरी, करायपरसुराय, परवलपुर व सरमेरा। फिलहाल ये कॉलेज रहुई के पतासंग बालेश्वर प्रसाद प्लस टू, नूरसराय हाई स्कूल, बिंद के उतरथू मध्य विद्यालय, नगरनौसा के लोदीपुर मगध विद्यापीठ, कतरीसराय के बादी टेकनारायण प्लस टू, थरथरी के भतहर मध्य विद्यालय, करायपरसुराय के मखदूमपुर मध्य विद्यालय, परवलपुरल के नेहुआ पर मध्य विद्यालय और सरमेरा के गोपालबाद परणावां पीएम श्री हाई स्कूल में चल रहे हैं। (बिहारशरीफ से कुमार कौशलेंद्र)


