गोवा में जमीन दिलाने के नाम पर ठगी में गिरफ्तार
वाराणसी में गोवा में जमीन दिलाने के नाम पर 16.62 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी डॉ. अमित कुमार सिंह यादव को कोलकाता से गिरफ्तार किया। पूर्व में भी दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। शिकायत के अनुसार, एक बुजुर्ग महिला ने जमीन पर अपना अधिकार जताया, जो धोखाधड़ी का कारण बना।

वाराणसी। गोवा में जमीन दिलाने के नाम पर शहर के प्रॉपर्टी कारोबारी से 16 करोड़ 62 लाख 49 हजार रुपये की धोखाधड़ी में भेलूपुर पुलिस ने एक और गिरफ्तारी की है। कोलकाता के होटल से गिरफ्तार कर आरोपी को रविवार को जेल भेजा गया। प्रकरण में दो आरोपी की गिरफ्तारी मार्च में ही की जा चुकी है। गिरफ्तार आरोपी डॉ. अमित कुमार सिंह यादव लखनऊ के इंद्रानगर (गाजीपुर) के रवींद्रपल्ली के न्यू नारायण नगर का निवासी है। उसे पुलिस ने कोलकाता के सुडीर स्ट्रीट स्थित होटल से पकड़ा। पुलिस के अनुसार दुर्गाकुंड की उपेंद्रनगर कॉलोनी निवासी अनुराग कुशवाहा ने बीते साल नवंबर में मुकदमा दर्ज कराया था।
वह अपने पार्टनर के साथ कंस्ट्रक्शन और भूमि कारोबार करते हैं। देहरादून निवासी अमित कुमार सिन्हा ने संपर्क कर गोवा निवासी जमीन मालिक विटोरियो जोस बेल्हो की जमीन का सौदा करने की बात कही।जमीन मालिक का सहयोगी वाराणसी में अनुराग कुशवाहा के कार्यालय पहुंचा और दस्तावेज दिखाए। इसके बाद कोटक महिंद्रा बैंक, गोवा शाखा के खाते में 16 करोड़ 62 लाख 49 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। 9 जुलाई 2024 को एमओयू के बाद पब्लिक नोटिस प्रकाशित की गई और फिर टाइटल सर्टिफिकेट भी जारी किया गया। शिकायत में दावा है कि इसमें विटोरियो जोस वेल्हो को जमीन का वैध मालिक बताया गया था। संबंधित जमीन की साफ-सफाई शुरू करने के दौरान बुजुर्ग महिला ने उस पर अपना अधिकार बताया। तब पूरा मामला सामने आया। मामले में विटोरियो जोस वेल्हो, अमित कुमार सिन्हा, प्रजय प्रसन्ना सिनेधकर, डॉ. अमित कुमार सिंह यादव और सीए प्रमोद पटेल नामजद हैं। अमित कुमार सिन्हा और प्रजय प्रसन्ना की गिरफ्तारी मार्च में हो चुकी है।


