बिलौटी पुनर्वास : 57 विस्थापित परिवारों को मिला तीन-तीन डिसमिल जमीन का कब्जा
भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड में बाढ़ एवं कटाव से विस्थापित 127 परिवारों के पुनर्वास की प्रक्रिया की गई। अंचल अधिकारी आनंद प्रकाश की मौजूदगी में 57 भूमिहीन परिवारों को जमीन का सीमांकन किया गया। प्रशासन द्वारा पुनर्वास स्थल पर बुनियादी सुविधाओं का निर्माण भी किया जाएगा।

-शाहपुर सीओ आनंद प्रकाश की मौजूदगी में हुआ भूमि का सीमांकन, अब 127 चिह्नित परिवारों का होगा पुनर्वास -टाउनशिप में सड़क, बिजली, पेयजल, आवास, आंगनबाड़ी और सामुदायिक भवन का होगा निर्माण
भूमि का सीमांकन और पुनर्वास योजना
जगदीशपुर / शाहपुर निज संवाददाता भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड के जवईनिया के बाढ़ एवं कटाव से विस्थापितों के पुनर्वास की दिशा में गुरुवार को प्रशासन ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया। डीएम तनय सुल्तानिया के निर्देश पर बिलौटी पुनर्वास टाउनशिप में शाहपुर के अंचल अधिकारी आनंद प्रकाश की मौजूदगी में 57 भूमिहीन विस्थापित परिवारों को तीन-तीन डिसमिल जमीन का भौतिक आवंटन और सीमांकन कराया गया। इसके साथ ही प्रशासन की ओर से चिह्नित सभी 127 परिवारों के पुनर्वास की प्रक्रिया पूरी होने का दावा किया गया।
प्रशासन की गतिविधियाँ
बिलौटी पुनर्वास टाउनशिप में गुरुवार को अंचल अधिकारी आनंद प्रकाश पुलिस बल एवं राजस्व कर्मियों के साथ पूरे समय मौजूद रहे। उनकी निगरानी में 57 विस्थापित परिवारों की जमीन की नापी कर सीमांकन कराया गया और उन्हें आवंटित भूखंड का कब्जा दिलाया गया। इससे पहले 70 परिवारों को भूमि उपलब्ध कराई जा चुकी थी। अंचल अधिकारी आनंद प्रकाश ने बताया कि प्रशासन की ओर से कुल 127 भूमिहीन परिवारों को ही अब तक पुनर्वास के लिए चिह्नित किया गया है। पहले चरण में 70 और दूसरे चरण में 57 परिवारों को जमीन आवंटित कर दी गई है।
भूमि आवंटन प्रक्रिया
उन्होंने स्पष्ट किया कि जमीन का आवंटन सरकारी नियमों के अनुसार प्रति परिवार किया गया है, न कि प्रति व्यक्ति। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पुनर्वास के लिए आवंटित भूमि बिहार सरकार की है और पूरी प्रक्रिया नियमानुसार एवं पारदर्शी तरीके से की जा रही है। प्रशासन के अनुसार पुनर्वास टाउनशिप में मिट्टी भराई, सड़क, पेयजल, बिजली, पहुंच पथ, आवास योजना, आंगनबाड़ी केंद्र और सामुदायिक भवन समेत बुनियादी सुविधाओं का विकास कराया जा रहा है। 127 पात्र परिवारों को आवास योजना का लाभ दिया जा रहा है और पहले चरण के 70 लाभार्थियों के खातों में पहली किस्त की राशि भी भेजी जा चुकी है। अधिकारी बोले बाढ़ प्रभावित विस्थापितों का सम्मानजनक एवं स्थायी पुनर्वास हमारी प्राथमिकता है। चिह्नित सभी 127 भूमिहीन परिवारों को जमीन आवंटित की जा चुकी है। पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की गई है। -आनंद प्रकाश, अंचल अधिकारी, शाहपुर मुख्य बिंदु 57 विस्थापित परिवारों को तीन-तीन डिसमिल जमीन का सीमांकन कर कब्जा दिलाया गया। प्रशासन की ओर से चिह्नित अब तक 127 परिवारों का भूमि आवंटन का कार्य पूरा जमीन का आवंटन प्रति व्यक्ति नहीं, प्रति परिवार के आधार पर। पुनर्वास स्थल पर सड़क, बिजली, पेयजल, आवास और अन्य बुनियादी सुविधाओं का होगा विकास।


