धर्मशाला कब्जा करने की नियत से खड़ी कर दी दीवार
फर्रुखाबाद में लाला पातीराम अग्रवाल धर्मशाला पर कब्जा करने की योजना बनाई गई है। अवैध असलहों से लैस चार आरोपियों ने 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फर्रुखाबाद, संवाददाता। लाला पातीराम अग्रवाल धर्मशाला पर कब्जा करने की नियत से दीवार खड़ी कर दी। यही नहीं कीमती गाटर चोरी कर लिये गये। 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। इस मामले में चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। अब पुलिस पूरे मामले में जांच कर आगे की कार्रवाई करेगी। कानपुर के विष्णुपुरी मोहल्ला निवासी सुशील कुमार अग्रवाल ने अशोक दुबे समेत चार नामजद व अज्ञात के खिलाफ फतेहगढ़ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करायी है। आरोप लगाया कि इन लोगों ने एकराय होकर अवैध असलहों से लैस होकर धर्मशाला पर कब्जा करने की नियत से दीवार करा दी।
50 हजार रुपये कीमत के गाटर चोरी कर लिये गये। यही नहीं 50 लाख की रंगदारी मांगी गयी। रंगदारी न देने पर जान से मारने की धमकी दी गयी। ट्रस्ट की जमीन पर कब्जा करके कूटरचित दस्तावेज तैयार कर अपने नाम कनेक्शन करा लिया गया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि जो शिकायत मिली उस पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इसमें जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

