जन्मदिन पार्टी दुष्कर्म कांड में चार्जशीट पर संज्ञान
रांची के लालपुर जन्मदिन पार्टी दुष्कर्म मामले में अब मुकदमा ट्रायल की ओर बढ़ रहा है। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। अदालत ने मामले को समर्पित करने के लिए 27 जुलाई की तारीख निर्धारित की है। सभी आरोपी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पेश किए गए।

रांची, संवाददाता। राजधानी के चर्चित लालपुर जन्मदिन पार्टी दुष्कर्म कांड में अब मुकदमा ट्रायल की ओर बढ़ गया है। पुलिस द्वारा चारों आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल किए जाने के बाद न्यायिक दंडाधिकारी एसके बर्टम की अदालत ने संज्ञान लेते हुए मामले को समर्पित (कमिटल) की प्रक्रिया के लिए 27 जुलाई निर्धारित किया है। पुलिस जांच में इसे पूर्व नियोजित साजिश बताते हुए शादाब आलम, डॉ ओली विश्वकर्मा उर्फ ओली विश्वकर्मा, मो. फहाद और दानिश के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। सोमवार को सुनवाई के दौरान सभी हिरासत में बंद आरोपियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत में पेश किया गया।
अदालत को बताया गया कि मामले का पुलिस पेपर (चार्जशीट एवं अन्य दस्तावेजों की प्रतियां) बीएमसी जेल, होटवार भेज दिया गया है। अब अगली तिथि पर पुलिस पेपर की औपचारिक प्रक्रिया पूरी कर मामला सत्र न्यायालय को विचारण के लिए समर्पित किए जाने पर सुनवाई होगी। यह वही मामला है, जिसमें 9 अप्रैल 2026 को जन्मदिन पार्टी के बहाने युवती को लालपुर स्थित एक फ्लैट में बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप है। कमिटल की कार्रवाई पूरी होने के बाद मुकदमे का ट्रायल सत्र न्यायालय में शुरू होने का रास्ता साफ हो जाएगा।


