दौलाघट में मंत्री ने श्रमिकों को बांटी कल्याणकारी किट
दौलाघट में श्रम विभाग के कार्यक्रम में मंत्री रेखा आर्या ने 280 पात्र लाभार्थियों को पोषण, स्वच्छता और शैक्षणिक किट वितरित किए। मंत्री ने श्रमिकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र किया, जिसमें विवाह सहायता, प्रसूति सहायता और छात्रवृत्ति शामिल हैं।
कुंवर भाकुनी, सोमेश्वर। दौलाघट में मंगलवार को श्रम विभाग के कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री व स्थानीय विधायक रेखा आर्या ने शिरकत की। इस अवसर पर विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत 280 पात्र लाभार्थियों को पोषण, स्वच्छता व शैक्षणिक किट का वितरण किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट ने कहा कि देश और प्रदेश के बुनियादी ढांचे और नवनिर्माण में श्रमिकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। पसीना बहाकर विकास की नींव रखने वाले इन श्रमिकों के हितों की रक्षा करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निर्माण श्रमिकों के लिए विवाह सहायता, प्रसूति सहायता, मृत्युोपरांत सहायता, छात्रवृत्ति और स्वास्थ्य जैसी अनेक योजनाएं चला रही है।
सरकार का प्रयास है कि दूरस्थ क्षेत्रों में काम करने वाले अंतिम व्यक्ति तक इन योजनाओं का सीधा और पारदर्शी लाभ पहुंचे। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, जिला श्रम अधिकारी आशा पुरोहित, मंडल अध्यक्ष गणेश जलाल, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, गोपाल खोलिया, विपिन पाठक, हरीश रौतेला, जगदीश आर्य, कैलाश गोस्वामी, नरेंद्र बिष्ट, देवेंद्र मेहरा और प्रीती जोशी थे।


