बारिश के दौरान लगाई फर्जी हाजिरी, कई रोजगार सेवकों पर गिरी गाज
26 सितंबर को भारी बारिश के बीच कई ग्राम पंचायतों में श्रमिकों की हाजिरी एनएमएमएस एप पर दर्ज की गई थी। जांच के बाद विभाग ने इन हाजिरियों को शून्य कर दिया और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की। मिलक, शाहबाद और बिलासपुर में रोजगार सेवकों के मानदेय रोके गए और कुछ को पद से हटा दिया गया।

26 सितंबर को जिले में भारी बारिश के बीच वीबी जीरामजी योजना के तहत स्वार, मिलक, शाहबाद, सैदनगर और बिलासपुर ब्लॉक की कई ग्राम पंचायतों में एनएमएमएस एप पर श्रमिकों की हाजिरी दर्ज की गई थी। जांच के बाद विभाग ने इन हाजिरियों को शून्य कर दिया। साथ ही रोजगार सेवकों, एपीओ, ग्राम पंचायत सचिव और महिला मेट के खिलाफ कार्रवाई की गई। उपायुक्त श्रम रोजगार अमित कुमार ने बताया कि मिलक की छह ग्राम पंचायतों में रोजगार सेवकों का सितंबर का मानदेय रोका गया। दुगनपुर की महिला मेट को पद से हटाया गया और एपीओ अमित कुमार वर्मा का मानदेय भी बाधित किया गया।
स्वार की 11 ग्राम पंचायतों में रोजगार सेवकों का मानदेय रोका गया। डोकपुरी टांडा और जालिफनगला की महिला मेट को पद से हटा दिया गया तथा एपीओ विष्णु प्रताप सिंह का मानदेय रोका गया। शाहबाद में रोजगार सेवक इंतजार अली और एपीओ पुनीत कुमार दीक्षित पर कार्रवाई की गई। बिलासपुर में ग्राम पंचायत सचिव राजवीर सिंह का वेतन बाधित किया गया। सैदनगर के जगतपुर में रोजगार सेवक इमरान को नोटिस दिया गया। उन्होंने जवाब में बारिश धीमी होने पर 10 श्रमिकों के काम करने का दावा किया है। 26 सितंबर को पांच ब्लॉकों में कुल 1008 श्रमिकों की हाजिरी एनएमएमएस एप पर दर्ज हुई थी। इन हाजिरियों के आधार पर करीब 3.24 लाख रुपये के भुगतान का मामला बनता था। जांच के बाद हाजिरी शून्य कर दी गई।

