वीकेएसयू : सभी शिक्षकों और कर्मियों को अब समर्थ पोर्टल से ही अवकाश
समर्थ पोर्टल पर लीव मॉड्यूल सक्रिय, सभी प्रकार के अवकाश ऑनलाइन, विश्वविद्यालय के पीजी विभागों और सभी अंगीभूत कॉलेजों के शिक्षकों व कर्मियों को अब जुलाई माह से ही समर्थ पोर्टल के माध्यम से

समर्थ पोर्टल पर लीव मॉड्यूल सक्रिय, सभी प्रकार के अवकाश ऑनलाइन आरा, निज प्रतिनिधि। वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय ने प्रशासनिक कार्यों के डिजिटलीकरण की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए समर्थ पोर्टल पर लीव मॉड्यूल को सक्रिय कर दिया है। दरअसल विश्वविद्यालय में शिक्षकों और शिक्षकेतर कर्मचारियों के लिए छुट्टी की व्यवस्था में बदलाव किया गया है। यह व्यवस्था एक जुलाई से ही लागू कर दी गई है। विश्वविद्यालय के पीजी विभागों और सभी अंगीभूत कॉलेजों के शिक्षकों व कर्मियों को अब जुलाई माह से ही समर्थ पोर्टल के माध्यम से अवकाश लेना होगा। विश्वविद्यालय ने समर्थ के लीव मॉड्यूल का ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है।
नई व्यवस्था की जानकारी
प्रशासनिक कार्यों के डिजिटलीकरण की दिशा में एक और कदम उठाते हुए बुधवार से समर्थ पोर्टल का लीव मॉड्यूल लागू कर दिया गया है। इसके बाद वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के पदाधिकारी, कर्मी, महाविद्यालय के सभी नियमित शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मी अब अवकाश के लिए ऑनलाइन आवेदन करेंगे। आवेदन, अनुशंसा और स्वीकृति की पूरी प्रक्रिया समर्थ पोर्टल के माध्यम से संपन्न होगी। नई व्यवस्था से अवकाश प्रबंधन अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और समयबद्ध होगा। इस संबंध में विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. रामकृष्ण ठाकुर ने सभी अंगीभूत महाविद्यालयों,राजकीय डिग्री कॉलेजों के प्राचारियों एवं स्नातकोत्तर विभागाध्यक्षों को पत्र जारी कर आवश्यक निर्देश दिए हैं।
डाटा अपलोड की प्रक्रिया
जारी पत्र में कहा गया है कि सभी विभागों एवं महाविद्यालयों में कार्यरत स्थायी शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मियों का अवकाश (लीव) संबंधी संपूर्ण डाटा समर्थ पोर्टल पर शीघ्र अपडेट कराया जाए। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समय पर डाटा अपलोड होने और यह प्रक्रिया पूरी कर लेने से विभिन्न प्रकार की त्रुटियों और विसंगतियों से बचा जा सकेगा। कुलसचिव ने बताया कि पोर्टल पर अपलोड किए गए डाटा के आधार पर वर्तमान शैक्षणिक सत्र के दौरान कर्मचारियों को देय अवकाश की गणना समर्थ पोर्टल स्वतः करेगा। साथ ही यह भी निर्देश दिया गया है कि एक जुलाई 2026 से सभी प्रकार के अवकाश का निष्पादन इसी लीव मॉड्यूल के माध्यम से किया जाएगा।
समय पर अपलोड की आवश्यकता
छुट्टी का डाटा समय पर जल्द करना होगा अपलोड विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी कार्यालयों एवं विभागों के प्रभारियों से कहा है कि वे अपने यहां कार्यरत ऑपरेटरों एवं सहायकों के माध्यम से निर्धारित समय के भीतर डाटा अपलोड कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करें। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही से भविष्य में अवकाश स्वीकृति एवं गणना संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि जिन स्नातकोत्तर एवं स्ववित्तपोषित विभागों,कॉलेजों को अभी तक समर्थ पोर्टल के लिए यूजर आईडी एवं पासवर्ड उपलब्ध नहीं कराया गया है, उन्हें समर्थ कार्यालय द्वारा शीघ्र ही उपलब्ध करा दिया जाएगा, ताकि सभी विभाग समय पर लीव मॉड्यूल का उपयोग शुरू कर सकें। विश्वविद्यालय ने सभी संबंधित अधिकारियों से इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का अनुरोध किया है।इधर, सभी शिक्षक और कर्मियों को वर्तमान सत्र से ही उनके सभी छुट्टियों का विवरण उपलब्ध कराना होगा।


