पेराई सत्र 2026-27 में को-ऑपरेटिव बैंक से होगा गन्ना मूल्य भुगतान
कुशीनगर की आईपीएल खड्डा चीनी मिल ने 2026-27 के पेराई सत्र की तैयारियां शुरू कर दी हैं। गन्ना सर्वे प्रदर्शन 20 जुलाई से 30 अगस्त तक होगा। किसानों को अपनी गन्ने की जानकारी सही करनी है और बैंक खाता खुलवाना है ताकि उन्हें समय पर भुगतान मिल सके।

कुशीनगर। आईपीएल खड्डा चीनी मिल ने पेराई सत्र 2026-27 की तैयारियां शुरू कर दी हैं। चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक एनपी सिंह एवं केन हेड सुधीर कुमार ने बताया कि गन्ना सर्वे प्रदर्शन 20 जुलाई से शुरू होकर 30 अगस्त तक चलेगा। इस दौरान किसान अपने गन्ने का क्षेत्रफल, प्रजाति एवं अन्य विवरण का सत्यापन कर लें और यदि कोई त्रुटि हो तो फील्ड स्टाफ से संपर्क कर उसका समय रहते निस्तारण करा लें।उन्होंने बताया कि इस पेराई सत्र में अर्ली पर्ची पर केवल अर्ली प्रजाति के गन्ने की ही तौल की जाएगी। यदि किसी किसान के पास सामान्य या रिजेक्ट गन्ना है और उसका सर्वे दर्ज नहीं है तो वह सर्वे प्रदर्शन के दौरान उसे सही करा लें।
अर्ली पर्ची पर सामान्य या रिजेक्ट गन्ना पाए जाने पर संबंधित ट्रॉली या ट्रैक्टर-ट्रॉली की तौल नहीं की जाएगी। प्रधान प्रबंधक ने किसानों से अपील की कि वे शीघ्र ही अपना बैंक खाता को-ऑपरेटिव बैंक में खुलवा लें। उन्होंने बताया कि पेराई सत्र 2026-27 में गन्ना मूल्य का भुगतान को-ऑपरेटिव बैंक के माध्यम से किया जाएगा, जिससे किसानों को समय पर भुगतान मिल सके। खाता खुलवाने संबंधी जानकारी और सहायता के लिए किसान चीनी मिल के फील्ड स्टाफ से संपर्क कर सकते हैं।


