संचारी रोगों से बचाव को पूरे महीने चलेगा जागरूकता अभियान
कुशीनगर में कृषि विभाग ने चूहों और छछूंदर से फैलने वाले संक्रामक रोगों के प्रति किसानों और आम जन को सचेत रहने की अपील की है। उप कृषि निदेशक ने बताया कि इनकी संख्या बढ़ने से स्क्रब टाइफस और लेप्टोस्पायरोसिस जैसे रोग फैल सकते हैं। बचाव के उपायों पर भी प्रकाश डाला गया है।

कुशीनगर, मिथिलेश द्विवेदी। संचारी रोग नियंत्रण एवं जागरूकता अभियान के तहत इस महीने चूहों एवं छछूंदर से फैलने वाले संक्रामक रोगों को लेकर कृषि विभाग ने किसानों और आमजन को सतर्क रहने की अपील की है। उप कृषि निदेशक अतिंद्र सिंह ने बताया कि खेतों में पानी भरने के कारण चूहे सुरक्षित स्थान की तलाश में घरों और आबादी की ओर आ सकते हैं। इससे संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है।
संक्रमण के प्रकार
उन्होंने बताया कि चूहों और छछूंदर के संपर्क से स्क्रब टाइफस एवं लेप्टोस्पायरोसिस जैसे रोग फैल सकते हैं। स्क्रब टाइफस ओरिएंटिया त्सुत्सुगामुशी तथा लेप्टोस्पायरोसिस लेप्टोस्पाइरा नामक जीवाणुओं से होने वाले रोग हैं। इनमें तेज बुखार, सिरदर्द, मांसपेशियों में तेज दर्द, विशेषकर पिंडली में दर्द और आंखों के लाल होने जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। उप कृषि निदेशक ने चूहों से बचाव के लिए चूहेदानी का प्रयोग करने तथा रोटी, बिस्किट और डबल रोटी जैसे आकर्षक चारे की मदद से चूहों को पकड़ने की सलाह दी।
चूहों का सुरक्षित निस्तारण
मृत चूहों का सुरक्षित तरीके से निस्तारण करने और चूहा नियंत्रण सामग्री का इस्तेमाल निर्धारित सावधानियों के साथ करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिंक फास्फाइड 80 प्रतिशत डब्ल्यूपी का प्रयोग निर्धारित मात्रा में तथा कृषि विभाग या विशेषज्ञ की सलाह के अनुसार ही किया जाए। एल्यूमीनियम फास्फाइड अत्यधिक विषैला रसायन है, इसलिए इसके प्रयोग में निर्धारित सुरक्षा मानकों और अधिकृत विशेषज्ञ की सलाह का पालन करना आवश्यक है। ब्रोमोडियोलॉन 0.005 प्रतिशत युक्त चारे का भी निर्धारित मात्रा में ही प्रयोग करने की सलाह दी गई है। विषैले पदार्थों को बच्चों और अन्य लोगों की पहुंच से दूर रखने को कहा गया है। उन्होंने चूहों के प्राकृतिक शत्रुओं के संरक्षण पर भी जोर दिया।
प्राकृतिक शत्रुओं का संरक्षण
बिल्ली, सांप, उल्लू, लोमड़ी और बाज जैसे जीव चूहों की संख्या को प्राकृतिक रूप से नियंत्रित करने में सहायक होते हैं। इनके संरक्षण से चूहों के प्रकोप को कम करने में मदद मिल सकती है। उप कृषि निदेशक ने घरों और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई रखने, खाद्य पदार्थों को ढककर और सुरक्षित रखने तथा चूहों एवं छछूंदर के संपर्क से बचने के उपाय अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बुखार, सिरदर्द, मांसपेशियों में तेज दर्द अथवा आंखों के लाल होने जैसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए।

