14 घंटे देरी से पहुंची कुशीनगर एक्सप्रेस, यात्री बेहाल
सांसत सुबह 7.15 बजे गोरखपुर पहुंचनी थी ट्रेन, रात 9.15 बजे आई न कोहरा न

गोरखपुर, मुख्य संवाददाता। मुम्बई से गोरखपुर आ रही कुशीनगर (22538) एक्सप्रेस एक, दो या तीन नहीं बल्कि 14 घंटे की देरी से गोरखपुर पहुंची। सोमवार को सुबह 7.15 बजे गोरखपुर जंक्शन पहुंचने वाली कुशीनगर एक्सप्रेस रात 9.15 बजे प्लेटफार्म 8 पर पहुंची। ट्रेन के इस कदर लेट होने से जनरल कोच में यात्रा कर रहे गर्मी-उमस से बेहाल हो गए और नाराजगी व्यक्त की। सबसे अधिक दिक्कत बच्चों और बुजुर्ग यात्रियों को हुई। उन्हें खानपान को लेकर काफी असुविधा हुई। जनरल कोच में सवार यदुनंदन ने बताया कि ट्रेन जगह-जगह रुकते हुए आ रही थी। स्टेशन पर उतर कर पानी भी नहीं भर पा रहे थे। गोरखपुर तक आने में स्थिति खराब हो गई। साथ में दो बच्चियां भी थीं, उन्हें भी काफी असुविधा हुई। रोहित शर्मा ने बताया कि ट्रेन को आउटर पर ही रोककर अन्य ट्रेनों को निकाला जा रहा था। खाने के अलावा पीने का पानी भी नहीं मिल रहा था। सोनू शर्मा और शिवानंद ने बताया कि ट्रेन कब पहुंचेगी, इसकी कोई जानकारी नहीं मिल रही थी। वहीं, दिनेश गुप्ता ने बताया कि स्टेशन से उनका घर 30 किमी दूर है। रात में 8 बजे के बाद उनके क्षेत्र में जाने के लिए कोई बस या ऑटो नहीं जाती है। अब यहीं स्टेशन या और कहीं पर ठहरेंगे। सुबह घर जाएंगे。
गोरखधाम तीन घंटे लेट से पहुंची
कुशीनगर एक्सप्रेस के साथ ही बठिंडा से चलकर दिल्ली होते हुए गोरखपुर आने वाली गोरखधाम एक्सप्रेस भी तीन घंटे की देरी से आई। इसके यहां आने का समय दिन में 10 बजे है लेकिन सोमवार को तीन घंटे लेट होकर दोपहर एक बजे पहुंची।
जनसेवा एक्सप्रेस के कोच में बिजली न होने से यात्रियों का हंगामा
गोरखपुर। पूर्णिया कोर्ट से गोरखपुर होते हुए अमृतसर तक जाने वाली जनसेवा एक्सप्रेस की बोगियों में बिजली न होने से यात्रियों ने हंगामा किया। ट्रेन के बस्ती पहुंचने पर बिजली ठीक कराई गई तब यात्रियों ने राहत की सांस ली। जानकारी के अनुसार, देवरिया के आसपास कुछ बोगियों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। यात्रियों ने आरपीएफ कर्मियों को इसकी जानकारी दी और गोरखपुर में ठीक कराने का अनुरोध किया। गोरखपुर में ट्रेन पहुंची, लेकिन यहां आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। इसी बीच ट्रेन आगे की तरफ रवाना हो गई। उसके रवाना होते ही यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया। ट्रेन के बस्ती पहुंचने के बाद आपूर्ति बहाल कराई गई।


