विधायी विशेषाधिकारों के मुद्दे पर कुणाल कामरा सुप्रीम कोर्ट पहुंचे
हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा ने सुप्रीम कोर्ट में एक अर्जी दाखिल की है, जो विधायकों के विशेषाधिकारों और अभिव्यक्ति की आजादी से संबंधित है। यह मामला 6 अक्तूबर को सात जजों की संविधान पीठ के समक्ष सुनवाई के लिए जाएगा। कामरा का कहना है कि नागरिकों की आवाज़ दबाना लोकतंत्र के लिए खतरा है।

स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा ने सुप्रीम कोर्ट में एक मामले में दखल देने की अर्जी दी है। यह मामला विधायकों के विधायी विशेषाधिकारों के दायरे और अभिव्यक्ति की आजादी पर उनके असर से जुड़े प्रावधानों की व्याख्या से संबंधित है। सात जजों की संविधान पीठ 6 अक्तूबर को इस मामले पर सुनवाई करेगी। अपनी अर्जी में कामरा ने कहा कि वह सुप्रीम कोर्ट के सामने मौजूद कानूनी सवालों से सीधे तौर पर प्रभावित हैं, क्योंकि महाराष्ट्र विधानसभा में उनके स्टैंड-अप कॉमेडी स्पेशल ‘नया भारत’ को लेकर उनके खिलाफ विशेषाधिकार हनन की कार्यवाही चल रही है। कामरा ने कहा कि नागरिकों की आवाज़ को ‘दबाने’ के लिए विधायी विशेषाधिकार का इस्तेमाल लोकतंत्र की बुनियाद पर चोट करता है।


