कुविवि में प्रवेश को आवेदन प्रक्रिया संपन्न, 31 तक लेना होगा दाखिला
कुमाउं विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया समाप्त हो गई है। पंजीकरण के लिए समर्थ पोर्टल 27 अगस्त तक खोला गया था, और अब पंजीकृत छात्रों के लिए प्रवेश स्थिति और शुल्क अपडेट करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त है।

नैनीताल, संवाददाता। कुमाऊं विश्वविद्यालय के परिसरों और संबद्ध महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश को लेकर आवेदन की प्रक्रिया संपन्न हो गई है। विवि प्रशासन ने पंजीकरण के लिए समर्थ पोर्टल 27 अगस्त तक खोला था। अब पंजीकृत अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश की स्थिति और प्रवेश शुल्क अपडेट करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित की गई है।विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. रजनीश पांडे की ओर से जारी सूचना के अनुसार, यूजी और पीजी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 27 अगस्त तक समर्थ पोर्टल पंजीकरण को खोला गया था। पंजीकृत अभ्यर्थी 31 अगस्त तक ‘रिव्यू एंड प्रोसेस’ सुविधा के माध्यम से अपने प्रवेश की स्थिति और शुल्क संबंधी प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि के बाद प्रवेश संबंधी प्रक्रिया का अवसर नहीं मिलेगा। ऐसे में जिन अभ्यर्थियों ने अब तक प्रवेश नहीं लिया है, उन्हें 31 अगस्त तक हर हाल में प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी। समर्थ पोर्टल पर पंजीकृत अभ्यर्थियों को संबंधित पाठ्यक्रम के लिए कॉलेजों में आवेदन करना होगा। साथ ही विवि प्रशासन ने संबद्ध सभी कॉलेजों को निर्देशित किया है, कि तय समय सीमा के अनुसार प्रवेश प्रक्रिया संपन्न करा ली जाए। इसके बाद छात्रों का ब्यौरा तत्काल विवि प्रशासन को उपलब्ध कराया जाए।


