खेल : चोटिल पंत की जगह कुशाग्र भारत ए टीम में शामिल
चोटिल ऋषभ पंत न्यूजीलैंड दौरे के शुरुआती दो मुकाबलों से बाहर हो गए हैं। बीसीसीआई ने उनकी जगह विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र को भारत ए टीम में शामिल किया है। पंत मांसपेशियों में खिंचाव से उबर रहे हैं और चिकित्सा टीम की निगरानी में हैं। तीसरे मैच में उनकी उपलब्धता पर फैसला बाद में होगा। ध्रुव जुरेल टीम की कप्तानी और विकेटकीपिंग करेंगे।

नई दिल्ली, एजेंसी। विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र को न्यूजीलैंड दौरे के शुरुआती दो मुकाबलों के लिए चोटिल ऋषभ पंत की जगह भारत ए टीम में शामिल किया गया है। बीसीसीआई ने सोमवार को यह जानकारी दी। ईरानी कप में शेष भारत की अगुआई करने वाले पंत की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया है। इसके कारण वह शुरुआती दो मैच से बाहर हो गए हैं। इस दौरे के लिए पंत की उपलब्धता उनकी फिटनेस पर निर्भर थी। बीसीसीआई ने कहा कि वह बोर्ड की चिकित्सा टीम की निगरानी में हैं और अच्छी तरह उबर रहे हैं। बीसीसीआई ने कहा कि तीसरे मैच के लिए उनकी उपलब्धता पर फैसला बाद में लिया जाएगा।
पंत की चोट शुरुआती अनुमान से अधिक गंभीर लग रही है। भारत ए टीम की कप्तानी ध्रुव जुरेल करेंगे। वह विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। टीम में यशस्वी जायसवाल, लोकेश राहुल और वाशिंगटन सुंदर जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के अलावा देवदत्त पडिक्कल और साई सुदर्शन भी शामिल हैं।

