मेरठ के गौरव और संभल के सीओ कुलदीप अहलावत को राष्ट्रपति वीरता पदक से सम्मानित, सीएम योगी ने बढ़ाया मान
मेरठ के मूल निवासी और पूर्व अंतरराष्ट्रीय एथलीट कुलदीप अहलावत को उनके उत्कृष्ट सेवाओं के लिए भारत सरकार द्वारा राष्ट्रपति वीरता पदक से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस पुरस्कार का वितरण लखनऊ में किया। कुलदीप ने खेल के क्षेत्र में अनेक कीर्तिमान स्थापित किए और पुलिस सेवा में भी अपने कार्यों के लिए सराहे गए।
उत्तर प्रदेश पुलिस में डीएसपी और संभल के सीओ के पद पर तैनात, मेरठ के मूल निवासी और पूर्व अंतरराष्ट्रीय एथलीट कुलदीप अहलावत (कुलदीप कुमार) को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए भारत सरकार द्वारा राष्ट्रपति वीरता पदक से सम्मानित किया गया है। लखनऊ के लोक भवन में आयोजित एक भव्य समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें इस प्रतिष्ठित पुरस्कार से नवाजा। खेल जगत से लेकर खाकी तक का शानदार सफर
खेल जगत से लेकर खाकी तक का शानदार सफर
कुलदीप अहलावत का खेल और पुलिस सेवा दोनों में ही ऐतिहासिक रिकॉर्ड रहा है। वे मूल रूप से मेरठ के बहसूमा के रहने वाले हैं। सन 2000 से 2006 तक लगातार 5000 और 1500 मीटर वर्ग में नेशनल चैंपियन रहने वाले कुलदीप ने कई मौकों पर देश का नाम रोशन किया। उन्होंने साल 2000 के लुधियाना राष्ट्रीय खेलों में 1500 मीटर रजत पदक और ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी में 5000 मीटर स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।
अंतरराष्ट्रीय पटल पर देश का गौरव
अपने खेल करियर के दौरान उन्होंने लगभग 15 बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व किया:
2002: बुसान एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व और श्रीलंका एशिया चैंपियनशिप में देश के लिए पदक।
2003: बेल्जियम में वर्ल्ड क्रॉस कंट्री और फिलीपींस एशिया चैंपियनशिप में भागीदारी।
2005: इंचिओन एशिया चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन।
इसके अलावा, उन्होंने ईरान में आयोजित एशिया चैंपियनशिप में देश के लिए कांस्य पदक भी जीता था।
कानून व्यवस्था में बेहतरीन कार्यशैली
खेल के बाद पुलिस सेवा में आने के बाद भी उन्होंने अपनी प्रतिबद्धता साबित की। संभल में कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाने में उनके सराहनीय योगदान के चलते उन्हें यह वीरता पदक मिला है। इससे पहले वर्ष 2021 में भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उन्हें प्रतिष्ठित लक्ष्मण पुरस्कार से सम्मानित कर चुके हैं।
खेल-प्रेमी परिवार और प्रेरणा
कुलदीप अहलावत की पत्नी मुक्ता चौधरी भी राष्ट्रीय एथलीट रह चुकी हैं और वर्तमान में मेरठ के बीएवी इंटर कॉलेज में शिक्षिका के रूप में सेवाएं दे रही हैं। एक अंतरराष्ट्रीय एथलीट से लेकर कुशल पुलिस अधिकारी बनने तक का उनका यह सफर उत्तर प्रदेश और पूरे देश के युवाओं के लिए एक प्रेरणास्त्रोत है।

