16 लाख के उर्वरक घोटाले का आरोपी सचिव गिरफ्तार
संतकबीरनगर, निज संवाददाता। बखिरा पुलिस ने 16 लाख से अधिक के उर्वरक घोटाले

संतकबीरनगर, निज संवाददाता। बखिरा पुलिस ने 16 लाख से अधिक के उर्वरक घोटाले के मामले में आरोपी सचिव को लखनऊ के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के आनंद मोटर्स के पास से गिरफ्तार किया।एसओ उमाशंकर तिवारी ने बताया कि 30 जनवरी 2026 को सहायक विकास अधिकारी सहकारिता बघौली जनार्दन यादव ने थाने में तहरीर दी थी। आरोप था कि आरोपी कृष्ण प्रताप सिंह जो बी-पैक्स बौरब्यास और बी-पैक्स सिंहोरवा का प्रभारी सचिव था। उसने आरकेवीवाई योजना से प्राप्त उर्वरक की बिक्री की रकम का गबन किया। आरोपी ने बी-पैक्स बौरब्यास में 9,45,901 रुपये और बी-पैक्स सिंहोरवा में 6,56,991 रुपये, कुल 16,02,892 रुपये का गबन कर लिया।
गबन को छिपाने के लिए उसने उर्वरक स्टॉक रजिस्टर, वितरण रजिस्टर, कैश बुक, कार्यवाही रजिस्टर और बैंक पासबुक जैसे महत्वपूर्ण अभिलेख भी गायब कर दिए थे। तहरीर के आधार पर आरोपी सचिव कृष्ण प्रताप सिंह निवासी गुलटही, थाना हरपुर बुदहट, गोरखपुर के खिलाफ गबन का केस दर्ज किया गया था। सूचना के आधार पर बखिरा चौकी इंचार्ज दद्दन राय, कांस्टेबल अनूप यादव, कांस्टेबल अक्षय सिंह, कांस्टेबल आदित्य शुक्ला ने आरोपी सचिव कृष्ण प्रताप सिंह को लखनऊ के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के आनंद मोटर्स के पास से गिरफ्तार किया।


