श्रीकृष्ण चेतना समिति सभागार में बरही महोत्सव
कृष्ण को बताया गया कर्मवाद और न्याय का प्रवर्तक, श्रीकृष्ण चेतना समिति सभागार में शनिवार को प्रो. विजय सिंह मुखिया की अध्यक्षता में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर बरही महोत्सव मनाया गया।

कृष्ण को बताया गया कर्मवाद और न्याय का प्रवर्तक आरा, निज प्रतिनिधि। श्रीकृष्ण चेतना समिति सभागार में शनिवार को प्रो. विजय सिंह मुखिया की अध्यक्षता में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर बरही महोत्सव मनाया गया। संचालन व्यास गोपाल राय ने किया, जबकि आगत अतिथियों का स्वागत राम सकल सिंह भोजपुरिया ने किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोजपा (रामविलास) के जिलाध्यक्ष राजेश्वर पासवान ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण कर्मवाद के प्रवर्तक थे, उनका भाग्यवाद पर विश्वास नहीं था। उन्होंने महाभारत में न्याय का परिचय देकर समाज में अपना आदर्श प्रस्तुत किया। अध्यक्षीय भाषण में प्रो. विजय सिंह मुखिया ने कहा कि श्रीकृष्ण न्याय के पक्षधर थे।
जब दुर्योधन और अर्जुन मदद मांगने उनके पास गए तो दुर्योधन के पहले आने पर उसे प्राथमिकता दी और नारायणी सेना दे दी, जबकि अर्जुन उनके बुआ के लड़के थे। इससे उनकी न्यायप्रियता सिद्ध होती है। इस दौरान व्यास अमर यादव ने जेल प्रसंग पर सोहर की प्रस्तुति दी, तो व्यास गोपाल राय ने राम और कृष्ण की जीवनी की असमानताओं पर प्रस्तुति दी। कार्यक्रम को ई. सुदर्शन यादव, सुरेश यादव, डॉ. रघुवर प्रसाद, डॉ. शीलभद्र, पिंटू तिवारी, वार्ड पार्षद प्रयाग यादव, ललन यादव, चंदन पासवान, लीला शर्मा, मनोज पासवान सहित अन्य लोगों ने संबोधित किया।

