कोल्हान विवि : स्नातक में सैकड़ों छात्रों का परिणाम पेंडिंग होने का खतरा
कोल्हान विश्वविद्यालय चाईबासा के प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाओं में बड़ी लापरवाही हुई है। विद्यार्थियों के एडमिट कार्ड में गलत विषय छपे होने के कारण परीक्षा परिणाम फंसने का खतरा पैदा हो गया है। विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों से 13 अगस्त तक सुधार कराने को कहा है, नहीं तो परिणाम पेंडिंग हो सकता है।

कोल्हान विश्वविद्यालय चाईबासा के चार वर्षीय स्नातक प्रथम सेमेस्टर (सत्र 2025-2029) की परीक्षाओं में एक बार फिर बड़ी लापरवाही सामने आई है। विद्यार्थियों के प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) में अलग विषय छपे होने और परीक्षा दूसरे विषयों की दिलाए जाने के कारण अब परीक्षा परिणाम फंसने खतरा है। विश्वविद्यालय ने खुद ऐसे विद्यार्थियों के परिणाम पेंडिंग करने की आशंका जताई है। परीक्षा के दौरान विषय को लेकर हुई इस गड़बड़ी के बाद अब विश्वविद्यालय प्रशासन और विद्यार्थियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। मामले की शुरुआत तब हुई, जब परीक्षा के वक्त विद्यार्थियों के एडमिट कार्ड में गलत विषय दर्ज होने की बात सामने आई।
आनन-फानन में स्थिति को संभालते हुए कॉलेज स्तर पर ही मैनुअल रूप से सुधार कर विद्यार्थियों को परीक्षा में शामिल कराया गया। हालांकि, परीक्षा संपन्न होने के बाद अब कोल्हान विश्वविद्यालय का परीक्षा विभाग जागा है और उसने इस त्रुटि को दूर करने के लिए आधिकारिक निर्देश जारी किए हैं। विश्वविद्यालय द्वारा स्पष्ट किया गया कि जिन छात्र-छात्राओं ने कॉलेज के प्राचार्य या परीक्षा नियंत्रक से मैनुअल सुधार कराकर परीक्षा दी है, वे 13 अगस्त तक अनिवार्य रूप से विश्वविद्यालय परीक्षा विभाग में पहुंचकर अपने एडमिट कार्ड में आधिकारिक सुधार करवा लें।इस सुधार प्रक्रिया के लिए विद्यार्थियों को प्राचार्य द्वारा अग्रसारित आवेदन पत्र, मूल एडमिट कार्ड, 10 2 का अंकपत्र तथा परीक्षा केंद्र से प्राप्त अटेंडेंस शीट की सत्यापित छाया प्रति संलग्न करनी होगी। परीक्षा विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि निर्धारित तिथि यानी 13 अगस्त के बाद सुधार कराने आने वाले विद्यार्थियों को दो सौ रुपये का विलंब शुल्क देना होगा। कोल्हान विश्वविद्यालय प्रशासन ने चेतावनी दी है कि कोई विद्यार्थी समय रहते अपने प्रवेश पत्र में सुधार नहीं करवाता है और भविष्य में उसका परीक्षा परिणाम पेंडिंग हो जाता है तो इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी स्वयं संबंधित विद्यार्थी की होगी। इस बड़ी प्रशासनिक चूक के कारण विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों में चिंता का माहौल है। सैकड़ों छात्रों के एडमिट कार्ड में दर्ज विषय और वास्तविक विषय में अंतर है। ऐसे विद्यार्थियों को अब अलग से कोल्हान विश्वविद्यालय की दौड़ लगानी होगी।


