किशनगंज : विकास योजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ समय पर काम पूरा करने का निर्देश
दिघलबैंक के सभागार में किशनगंज सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद की अध्यक्षता में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सड़क निर्माण और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। सांसद ने अधिकारियों को योजनाओं के पारदर्शी और गुणवत्ता से कार्यान्वयन का निर्देश दिया।

दिघलबैंक (किशनंगज) से विक्रम मिश्रा की रिपोर्ट दिघलबैंक प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार भवन में शनिवार को किशनगंज सांसद डॉ. मोहम्मद जावेद की अध्यक्षता में विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विभागीय अधिकारियों के साथ पंचायतों के जनप्रतिनिधि शामिल हुए।सांसद ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सिंचाई, सड़क निर्माण, ग्रामीण विकास और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के क्रियान्वयन की पंचायत प्रतिनिधियों से जमीनी स्थिति की जानकारी ली। बिजली, सड़क, पुल-पुलिया, नल-जल योजना और जल निकासी से जुड़ी समस्याओं को भी जनप्रतिनिधियों ने बैठक में उठाया।सांसद ने अधिकारियों को योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।
उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही बाधाओं को तत्काल दूर करने को कहा। स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, उर्वरक की कालाबाजारी पर रोक लगाने तथा भूमि संबंधी मामलों के त्वरित निष्पादन पर भी विशेष जोर दिया।बैठक में बीडीओ बप्पी ऋषि, सीओ सदानंद कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी शिवम राज, मुखिया जैद अजीज, पूनम देवी, एहतशाम आलम, कृष्ण प्रसाद सिंह, अखलेसुर रहमान, श्यामल कुमार दास, प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि रुकैया खातून, पंचायत समिति सदस्य अजमत आलम, शिव नारायण यादव, कमरुज्जमा, अरुण और संतोष कुमार समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


