लाइनमैन दुर्घटना प्रकरण में दोषियों पर कार्रवाई की मांग
भारतीय किसान यूनियन (भानु) ने विदयुत वितरण खंड द्वितीय, मवाना के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नारंगपुर विद्युत उपकेंद्र पर लाइनमैन की दुर्घटना की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की गई। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे व्यापक आंदोलन करेंगे।

भारतीय किसान यूनियन (भानु) के प्रदेशाध्यक्ष (युवा) पश्चिमी उत्तर प्रदेश अमित त्यागी गणेशपुर के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बुधवार को विद्युत वितरण खंड द्वितीय, मवाना के अधिशासी अभियंता विकल कुमार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नारंगपुर विद्युत उपकेंद्र पर हुए लाइनमैन दुर्घटना प्रकरण की निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया कि 22 जून को शाम लगभग 4:30 बजे नारंगपुर बिजलीघर पर शटडाउन लेकर लाइन पर कार्य कराया जा रहा था। आरोप है कि आवश्यक सुरक्षा प्रक्रिया का पूर्ण पालन नहीं किया गया, जिसके चलते लाइनमैन ठाकुर सिंह कार्य के दौरान दुर्घटनाग्रस्त होकर घायल हो गए।
संगठन ने आरोप लगाया कि यदि विद्युत सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता तो यह दुर्घटना टाली जा सकती थी। इस मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की मांग की गई।भारतीय किसान यूनियन (भानु) ने चेतावनी दी कि यदि प्रकरण में शीघ्र एवं निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन कर्मचारी सुरक्षा एवं न्याय की मांग को लेकर व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। ज्ञापन देने वालों में राधेश्याम, पुनीत त्यागी, अंकित गुर्जर, अंशुल त्यागी, नितिन, मोंटी, बबलू, मनोज, विकास, आनंद सिंह सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


