सांसद आदित्य यादव होंगे रामकोला शहीद दिवस के मुख्य अतिथि
कुशीनगर में 10 सितंबर को किसान शहीद दिवस मनाया जाएगा। इस वर्ष मुख्य अतिथि बदायूं के सांसद आदित्य यादव होंगे। यह दिन 1992 में गन्ना मूल्य के लिए आंदोलन के दौरान शहीद हुए किसानों की याद के लिए मनाया जाता है। मुलायम सिंह यादव के परिवार का कोई सदस्य इस अवसर पर उपस्थित रहता है।

कुशीनगर। निज संवाददाता रामकोला में 10 सितंबर को किसान शहीद दिवस मनाया जाएगा। घोषणा के अनुसार करीब करीब हर वर्ष किसान शहीद दिवस में स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के परिवार का एक सदस्य शामिल जरूर होता है। उसी परम्परा के तहत इस वर्ष मुलायम सिंह यादव के छोटे भाई शिवपाल यादव के पुत्र व बदायूं के सांसद आदित्य यादव मुख्य अतिथि होंगे।वर्ष 1992 में रामकोला के किसान तत्कालीन गंगेश्वर चीनी मिल पर अपने 9 करोड़ बकाए गन्ना मूल्य के लिए आंदोलन कर रहे थे। आंदोलन की रहनुमाई किसान नेता राधेश्याम सिंह, शंभू सिंह समेत कई अन्य नेता कर रहे थे।आंदोलन के 22 वें दिन नेताओं ने चीनी मिल के अधिकारियों को नगर से पकड़कर धरने में बैठा लिया था।
उन्हीं को रिहा करने के लिए पुलिस प्रशासन ने आंदोलन का नेतृत्व कर रहे नेताओं के साथ 72 किसानों को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए नेताओं व किसानों को रिहा करने के लिए किसानों ने थाने को घेर लिया। आंदोलन को कुचलने के लिए 10 सितंबर को तत्कालीन भाजपा की सरकार में किसानों पर गोली चलवाई गई, जिसमें दो किसान पड़ोही दलित व जमीदार मियां ने अपनी शहादत दी। उस समय सरकार की बर्बरता ने रामकोला को लहूलुहान कर दिया था। इन्हीं शहीद किसानों की शहादत को याद करने के लिए हर वर्ष यह किसान शहीद दिवस का आयोजन होता है। इसी आंदोलन में जेल से रिहा होने के बाद मुलायम सिंह यादव ने समाजवादी पार्टी का गठन किया और रामकोला के शहीद दिवस में बतौर रक्षा मंत्री शामिल होते हुए उन्होंने घोषणा की थी कि जब तक शहीद दिवस का आयोजन होगा उसमें मेरे परिवार का कोई न कोई सदस्य शिरकत जरूर करेगा। इसी तारतम्य में इस वर्ष शहीद दिवस में शिवपाल यादव के पुत्र एवं बदायूं के सांसद आदित्य यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।


