विचाराधीन बंदी की मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत
कुशीनगर जिले के विचाराधीन बंदी रविन्द्र सिंह (65) की बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह 2010 में अपहरण और हत्या के मामले में निरुद्ध थे। उनकी स्थिति गंभीर होने पर उन्हें देवरिया के अस्पताल से गोरखपुर रेफर किया गया था। शव का पोस्टमार्टम मजिस्ट्रेट की देखरेख में किया गया।

गुलरिहा, हिन्दुस्तान संवाद। कुशीनगर जिले के पटहेरवा थाना क्षेत्र के उस्मानपुर बंजारी पट्टी निवासी विचाराधीन बंदी रविन्द्र सिंह (65) की शुक्रवार देर रात बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह अपहरण कर हत्या के मामले में देवरिया जिला कारागार में निरुद्ध थे। जानकारी के मुताबिक, रविन्द्र सिंह के खिलाफ वर्ष 2010 में तुर्कपट्टी थाने में अपहरण कर हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बाद में वह जमानत पर बाहर आ गए थे। मुकदमे की सुनवाई के दौरान 22 जून 2026 को उन्हें दोबारा जिला कारागार में विचाराधीन बंदी के रूप में निरुद्ध किया गया था।24
अगस्त की शाम तबीयत खराब होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज देवरिया में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। यहां इलाज के दौरान शुक्रवार देर रात उनकी मौत हो गई। मजिस्ट्रेट की देखरेख में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद अंतिम संस्कार के लिए शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।


