किशोरी को एक लाख में बेचकर कराई शायद, पांच गिरफ्तार
वाराणसी में चौबेपुर थाना पुलिस ने 17 वर्षीय किशोरी के अपहरण और जबरन विवाह करने के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पीड़िता के चाचा ने शिकायत की थी कि उनकी भतीजी को एक लाख रुपये में बेचा गया था। पुलिस ने गोपालपुर गांव से सभी आरोपियों को पकड़ा।

वाराणसी, प्रमुख संवाददाता। चौबेपुर थाना पुलिस ने 17 वर्षीय किशोरी के अपहरण कर एक लाख में बेचकर जबरन विवाह कराने के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार, एडीसीपी लिपि नगायच ने पुलिस लाइन स्थित सभागार में गिरफ्तारी की जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, 5 जुलाई 2026 को पीड़िता के चाचा ने चौबेपुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी 17 वर्षीय भतीजी का अपहरण कर उसे जबरन विवाह कराने के उद्देश्य से एक लाख रुपये में बेच दिया गया।जांच के दौरान पुलिस ने शनिवार को ग्राम गोपालपुर से शिवधनी, राहुल भारद्वाज और मैना देवी को गिरफ्तार किया।
इसके बाद दोपहर करीब 12:30 बजे उसी गांव से बुलंदशहर निवासी मोहित और मथुरा निवासी नेम सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक महेश मिश्रा, उपनिरीक्षक अपराजित सिंह चौहान, मुख्य आरक्षी रमाकांत यादव, मुख्य आरक्षी अभिषेक सिंह, कांस्टेबल सिंधु तथा महिला कांस्टेबल अनिता शामिल रहीं।


